
मिथिलेश तिवारी (फोटो- आईएएनएस)
Bankipur by-election: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी माहौल गर्म हो गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान कर मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री मिथलेश तिवारी ने प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि वे पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं और अगर दोबारा लड़ते हैं तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को ही जीत दिलाएगी।
वहीं पीके के चुनाव लड़ने पर जदयू नेता राजीव रंजन की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर से चुनाव लड़ने का प्रशांत किशोर का फैसला उनके पॉलिटिकल करियर की सबसे बड़ी गलती साबित होगा। अपनी सिक्योरिटी डिपॉजिट बचाना ही उनके लिए एक बड़ी चुनौती होगी।
उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव क्षेत्र बीजेपी के लिए एक 'अजेय गढ़' रहा है। पार्टी ने यहां लगातार जीत हासिल की है, अक्सर विपक्ष को बड़े अंतर से हराया है। यहां कोई असली मुकाबला नहीं है और जहां तक कांग्रेस की बात है, उन्होंने ऑफिशियली अपना रुख साफ नहीं किया है। असल में, कांग्रेस की यहां कोई मौजूदगी ही नहीं है। स्थिति बिल्कुल साफ है, बीजेपी उम्मीदवार यहां एक लाख से ज़्यादा वोटों के अंतर से जीतेगा।
जन सुराज पार्टी के बिहार अध्यक्ष मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी की घोषणा की। पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई।
वहीं पीके ने कहा कि अगर जनता उन पर भरोसा जताती है तो वह विधानसभा में अकेले विधायक होकर भी बाकी 242 विधायकों पर भारी पड़ेंगे।
बता दें कि नितिन नवीन ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने बांकीपुर सीट को छोड़ दिया था। बीजेपी ने उन्हें राज्य सभा भेज दिया। इसके बाद सीट खाली हो गई। अब इस सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग होगी और वोटों की गिनती 3 अगस्त को होगी।
Updated on:
07 Jul 2026 10:39 am
Published on:
07 Jul 2026 09:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
