
बिहार में महागठबंधन ने गुरुवार को तेजस्वी यादव का सीएम और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम फेस घोषित कर दिया है। प्रदेश की जनता के बीच महागठबंधन ने आज एकता का संदेश दिया। दरअसल, सीट बंटवारे का ऐलान नहीं होने के कारण महागठबंधन को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। वहीं सीएम फेस घोषित होने के बाद तीन सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया है। इन्होंने राजद के प्रत्याशियों का समर्थन किया है।
बता दें कि बिहार में महागठबंधन के घटक दलों के बीच कई सीटों पर फ्रेंडली मुकाबला होगा। दरअसल, महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर बात नहीं बनी थी और ना ही सीट शेयरिंग को लेकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई थी। जिससे कई सीटों पर महागठबंधन के दलों के बीच दोस्ताना मुकाबला होगा। बताया जा रहा है कि ऐसी करीब 10 सीटें हो सकती है।
महागठबंधन के सीएम और डिप्टी सीएम फेस के ऐलान के बाद अब एनडीए पर सीएम फेस की घोषणा का दवाब बढ़ गया है। दरअसल, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी बीजेपी अध्यक्ष और अमित शाह से कहा- वे भी अब अपना सीएम फेस घोषित कर दें।
अशोक गहलोत ने कहा- अब अमित शाह को जवाब देना चाहिए कि क्या चुनाव के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे... महाराष्ट्र में चुनाव एकनाथ शिंदे के चेहरे पर लड़ा गया था, लेकिन देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बना दिया गया। तो क्या वो नीतीश को भी धोखा देंगे या नहीं? साफ़ करें। वरना आप जनता को धोखा दे रहे हैं।