
Tiger Shroff Firing Incident: मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ गई है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के मुख्य सलाहकार अशोक पंडित ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद चिंताजनक है, क्योंकि इसमें किसी की जान को सीधे तौर पर खतरा पहुंचाया गया। अशोक पंडित ने कहा कि दिनदहाड़े सार्वजनिक जगह पर हथियार लेकर पहुंचे लोगों ने फायरिंग की। यह राहत की बात है कि टाइगर श्रॉफ इस हमले में बच गए। उन्होंने कहा कि इतनी नजदीक से गोलियां चलाई गईं, जिससे खतरे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अशोक पंडित ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में डर का माहौल बन गया है। उन्होंने इसे 'फियर साइकोसिस' बताते हुए 1980 और 1990 के दशक की याद दिलाई, जब अंडरवर्ल्ड का दबदबा था और धमकियों के जरिए लोगों को डराया जाता था। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतों को खत्म करना बेहद जरूरी है। पंडित ने भरोसा जताया कि मुंबई पुलिस इस मामले से निपटने में सक्षम है।
अशोक पंडित ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनके सहयोगियों से अपील करता हूं कि वे इस मामले को बेहद गंभीरता से लें। अगर स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई, तो उसे संभालना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, तो ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें निष्क्रिय करना जरूरी है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस घटना में कोई भी गैंग या व्यक्ति शामिल हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। धमकियों के जरिए अपना दबदबा कायम करने की कोशिश करने वालों से निपटना मुंबई पुलिस अच्छी तरह जानती है। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई होगी, चाहे उनके सरगना दुनिया में कहीं भी छिपे हों।
जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि क्या महाराष्ट्र सरकार लॉरेंस बिश्नोई को हिरासत में लेने के लिए प्रयास करेगी, तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में अनुरोध पहले ही भेजा जा चुका है और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
फडणवीस ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस पहले भी यह साबित कर चुकी है कि ऐसे अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिपे हों, उन्हें ढूंढ निकाला जा सकता है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि फायरिंग की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।