पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है। चुनाव से पहले ममता बनर्जी की पार्टी TMC के विधायक ने इस्तीफा दे दिया है।
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले TMC को बड़ा झटका लगा है। पश्चिम बंगाल की CM और TMC अध्यक्ष ममता बनर्जी की पार्टी के विधायक अब्दुर रहीम काजी ने इस्तीफा दे दिया है। अब्दुर रहीम काजी टिकट नहीं मिलने की वजह से पार्टी से नाराज चल रहे थे। अब्दुर रहीम काजी उत्तर 24 परगना जिले की बदुरिया सीट से निवर्तमान विधायक हैं। रविवार को उन्होंने TMC से अलविदा कह दिया है।
अब्दुर रहीम काजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट फेसबुक पर TMC से इस्तीफे की जानकारी दी है। रहीम काजी ने TMC से प्राथमिक सदस्यता सहित पार्टी के सभी पदों से अपने इस्तीफे की घोषणा की है। पश्चिम बंगाल में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा और TMC द्वारा उम्मीदवारों की सूची जारी करने के बाद से ही कई विधानसभा क्षेत्रों में सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर असंतोष और विरोध प्रदर्शन के मामले सामने आए हैं। बदुरिया विधानसभा सीट अब इस सूची में नया नाम जुड़ गया है।
TMC के मौजूदा विधायक अब्दुर रहीम काजी ने पार्टी की गतिविधियों से नाराज होकर इस्तीफा दे दिया है। मौजूदा विधायक होने के बावजूद TMC ने रहीम काजी को टिकट नहीं दिया है। इसलिए वह पार्टी से नाराज चल रहे थे। रहीम काजी ने पार्टी से इस्तीफा देने के साथ ही भावुक संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए मैं पार्टी के घोषित आदर्शों और उसकी वास्तविक हकीकत के बीच पैदा हुई गहरी खाई के साथ तालमेल नहीं बिठा सका।
रहीम काजी ने आगे लिखा कि वह लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस के भीतर व्याप्त विभिन्न अन्यायों और अनुचित प्रथाओं के खिलाफ बार-बार आवाज उठाते रहे हैं। उनके प्रयासों के बावजूद TMC नेतृत्व कोई प्रभावी सुधारात्मक उपाय करने में विफल रहा। रहीम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के भीतर लगातार हो रही इस उपेक्षा और अन्याय से उन्हें गहरा दुख हुआ है।
TMC से इस्तीफा देने के बाद अब्दुर रहीम काजी किस राजनीतिक दल में शामिल होगें, इसके बारे में अभी उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि उन्होंने वादा किया कि वह मैं लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्हों कहा कि मैं भविष्य में भी लोगों के साथ खड़ा रहूंगा, यह मेरी पक्की प्रतिबद्धता है। रहीम काजी द्वारा पार्टी से इस्तीफा देने के बाद TMC की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।