राष्ट्रीय

कोलकाता भगदड़ हादसे पर ऋतब्रत बनर्जी की आई प्रतिक्रिया, कहा- यह राजनीति का नहीं, संवेदना जताने का समय

Chorbagan Stampede: पश्चिम बंगाल के चोरबागान भगदड़ हादसे पर विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि यह राजनीति और आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना जताने का समय है। राजनीतिक समीक्षा बाद में हो सकती है।
2 min read
• •
Oct 18, 2026
Ritabrata Banerjee
कोलकाता भगदड़ हादसे पर ऋतब्रत बनर्जी ने दी प्रतिक्रिया (Photo-IANS)

Chorbagan Stampede Incident: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शनिवार को चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़ मचने की घटना पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब इस पर बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने इस घटना पर राजनीति करने के बजाय पहले जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में युवा और मासूम बच्चों की जान गई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

घटना पर नहीं करनी चाहिए राजनीति- ऋतब्रत बनर्जी

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि हादसे के बाद सड़कों पर पहले की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी, क्योंकि लोगों ने अपने साथी नागरिकों को खो दिया है। ऐसे दुखद समय में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक लोगों ने घटना के बाद तीखी बयानबाजी शुरू कर दी, जबकि फिलहाल यह समय ऐसा करने का नहीं है।

राजनीतिक पोस्टमार्टम बाद में हो सकता है

ऋतब्रत बनर्जी ने दोहराया कि इस समय किसी पर आरोप लगाने के बजाय हादसे की गंभीरता को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पोस्टमार्टम किया जा सकता है, लेकिन पहले उन परिवारों के दर्द को समझना होगा, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।

सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने क्या कहा? 

वहीं सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने घटना को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि मृतकों में से एक व्यक्ति बिहार का रहने वाला है। शव सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ICU में भर्ती घायलों में से दो लोगों की हड्डियां टूट गई हैं, जबकि बाकी 23 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि मैं दो दिनों के भीतर हर मृतक के परिवार से मिलूंगा और उन्हें मुआवजे का चेक खुद सौंपूंगा।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह मुख्य सचिव, पुलिस आयुक्त, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और अन्य अधिकारियों के साथ पूरे घटनाक्रम पर व्यक्तिगत रूप से नजर रख रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार इस समय किसी तरह का जश्न नहीं मना रही है और न ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रही है।

Updated on:
18 Oct 2026 04:08 pm
Published on:
18 Oct 2026 03:48 pm