नई दिल्ली

ज्यादा से ज्यादा जेल भेज दोगे…सीएम रेखा गुप्ता पर क्यों भड़के AAP नेता, दिल्ली में फिर गरमाई सियासत

आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा ने सीएम रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा वह डरने वाले नहीं हैं। दूसरी ओर दिल्ली भाजपा ने इन आरोपों को हवा-हवाई बताकर सियासी पारा बढ़ा दिया है।
3 min read
aap mla sanjiv jha accuses cm rekha gupta for defaming him
दिल्ली में AAP ने सीएम रेखा गुप्ता पर लगाया बड़ा आरोप।

आम आदमी पार्टी और दिल्ली की भाजपा सरकार में लगातार खींचतान बढ़ती जा रही है। अब AAP विधायक संजीव झा ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रेखा गुप्ता के कहने पर BJP के कुछ नेता उनके खिलाफ अनाप-शनाप बोल और लिख रहे हैं। इतना ही नहीं, संजीव झा ने यहां तक कहा कि सीएम रेखा गुप्ता के इशारे पर उन्हें बदनाम करने के लिए साजिश रची जा रही है। उनके इस आरोप ने दिल्ली की सियासत में हलचल मचा दी है और अब लोगों के मन में यही सवाल है कि क्या यह आरोप सही हैं और इसके पीछे क्या मोटिव हो सकता है। दूसरी ओर दिल्ली के भाजपा नेताओं ने इसे सिर्फ हवा-हवाई बयान बताया है।

संजीव झा बोले-मैं घर बदल लूंगा

संजीव झा ने कहा कि पिछले दो दिनों से भाजपा के कुछ नेता बुराड़ी में उनके खिलाफ झूठी बातें फैला रहे हैं। इसके अलावा, उनके मकान मालिक को भी डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। झा का कहना है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा नेताओं को यह आदेश दिया है कि किसी भी हाल में उन्हें डराया जाए और बदनाम किया जाए। झा ने कहा "मैं किराए के मकान में रहता हूं, अगर मेरा मकान मालिक डर भी जाता है तो मैं घर बदल लूंगा। बहुत से लोग मुझे घर देने के लिए तैयार हैं।" साथ ही उन्होंने कहा कि उन्होंने हर वार्ड में एक-एक साल रहने के लिए सोचा है, जिससे उन्हें वहां के लोगों से मिलने का मौका मिलेगा।

आप के विधायक संजीव झा ने रेखा गुप्ता पर लगाए गंभीर आरोप

संजीव झा बोले- हम डरने नहीं, लड़ने वाले लोग हैं

विधायक संजीव झा ने अपने बयान में कहा, "एक बात जान लो, मेरी जरूरतें कम हैं, इसलिए मेरे जमीर में दम है। हम डरने वाले नहीं, लड़ने वाले लोग हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि वे अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और कोई उन्हें डरा नहीं सकता। संजीव झा ने कहा "क्या करोगे, ज्यादा से ज्यादा जेल भेज दोगे। हमारे कई नेता जेल में रहकर आए हैं, हम भी रहकर आएंगे।" संजीव झा ने यह भी कहा कि उन्होंने बुराड़ी की सेवा 4 बार की है और पिछले 10 सालों में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में बुराड़ी में कई ऐतिहासिक काम हुए हैं।

भाजपा के शासन में रुकावट का आरोप

AAP विधायक ने आगे कहा कि अब भाजपा सरकार में विकासात्मक काम रुक गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर नहीं दिए जा रहे, सफाई ठप है, दवाइयों की कमी हो रही है और स्कूलों-बसों की भी हालत खराब है। इसके अलावा, यमुना भी फिर से गंदी हो गई है। झा का कहना है कि जब वे इन समस्याओं का सच पूछते हैं तो भाजपा को तकलीफ होती है। उन्होंने कहा कि वह हर दिन एक गड़बड़ी एक्सपोज करेंगे और लोगों के अधिकारों के लिए लड़ेंगे। उनका कहना है कि भाजपा चाहे जितना भी उन्हें डराने की कोशिश करे, वे उतनी ही मजबूती से सवाल उठाते रहेंगे।

सौरभ भारद्वाज का समर्थन

आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मुद्दे पर ट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को टैग किया और लिखा कि इन गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ईडी के छापे के बाद उन्होंने काम को दुगना किया था, वैसे ही अब हमारे विधायक नया मकान किराए पर ले लेंगे, पर अब तीन गुना ताकत से बीजेपी की सरकार की पोल खोलेंगे।

भाजपा ने किया पलटवार

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के विधायक संजीव झा के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। दिल्ली के भाजपा नेताओं का कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार और दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार के लगातार विकासात्मक रवैये से AAP नेता परेशान हैं। इसलिए वह मुद्दों को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली में 10 साल तक सत्ता में रहने वाले AAP नेताओं को पहले गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए, लेकिन AAP नेता अक्सर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप लगाकर सिर्फ मुद्दों को भटकाने और अपनी कमजोरियों छिपाने का प्रयास करते हैं। संजीव झा और AAP की टिप्पणी पर BJP नेताओं का कहना है कि AAP दिल्ली सरकार की नीतियों का विरोध करने के लिए ऐसे आरोप लगाती है।

Updated on:
11 Dec 2025 08:29 pm
Published on:
11 Dec 2025 08:29 pm