नई दिल्ली

Delhi News: आकृति हर महीने मां को भेजती थी 5 हजार रुपये, लेकिन पति को नहीं था पसंद, कार, 20 लाख और पूरी सैलरी की करता था मांग; पति हुआ गिरफ्तार

Dowry Harassment Allegations: दिल्ली में 28 साल की नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज की मांग और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
2 min read
Akriti Death Case
आकृति की मौत पर परिजनों की प्रतिक्रिया (Source- X @@sapnamadan and ANI)

Akriti Death Case: दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में 28 साल की नवविवाहिता आकृति की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। शनिवार शाम पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी के सरकारी फ्लैट परिसर में उनका शव मिला था। पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, पुलिस मौके पर पहुंची। आकृति को तुरंत एम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन मामले में नया मोड़ तब आया जब आकृति के परिवार ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना से संबंधित गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार दहेज के केस में आकृति के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

परिजनों के ससुराल पक्ष पर आरोप

आकृति के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया था। परिजनों के अनुसार पहले कार और 20 लाख रुपये की मांग की गई, फिर पति चाहता था कि आकृति अपनी पूरी सैलरी उसे दे। जानकारी के अनुसार पांच साल पहले आकृति के पिता का निधन हो गया था। इसके बाद घर की जिम्मेदारी काफी हद तक उसी के कंधों पर आ गई थी। वह नौकरी कर अपनी मां की आर्थिक मदद करती थी और हर महीने 5 हजार रुपये भेजती थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद पति चाहता था कि आकृति अपनी पूरी सैलरी उसे दे। लेकिन आकृति ने उसकी बात नहीं मानी और वह अपनी मां की मदद करती रही। इसी बात को लेकर उन दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मौत के एक दिन पहले हुआ था झगड़ा

आकृति के अंकल का दावा है कि मौत से एक दिन पहले भी इसी मुद्दे पर पति-पत्नी के बीच बड़ा विवाद हुआ था। उन्होंने आगे यह भी बताया कि आकृति ने उन्हें प्रताड़ना की बात बताई थी, लेकिन उस समय उन्होंने समझौता कर ससुराल लौटने की सलाह दी थी। अब उन्हें इस बात पर अफसोस है। आकृति के अंकल का कहना है कि या तो उसकी हत्या की गई है या लगातार दहेज की मांग और प्रताड़ना ने उसे यह कदम उठाने को मजबूर किया। वहीं आकृति के छोटे भाई का कहना है कि उनकी बहन कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। उसने पुलिस से पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

28 साल की आकृति की शादी 24 अप्रैल को दिल्ली के पुष्प विहार निवासी आरस्तु सिक्का से हुई थी। 4 जुलाई की शाम वह ऑफिस से घर लौट रही थीं और रास्ते में मां को फोन कर बताया था कि वह साकेत पहुंच गई हैं। इसके कुछ घंटों बाद उनका शव लोधी कॉलोनी स्थित एनडीएमसी के पालिका कुंज फ्लैट परिसर में मिला। पुलिस को उनका मोबाइल, पर्स और चप्पल तीसरी मंजिल की छत पर मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला ऊंचाई से गिरने का लग रहा है, लेकिन परिवार ने पति और ससुराल वालों पर दहेज की मांग, घरेलू प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
06 Jul 2026 02:01 pm
Published on:
06 Jul 2026 10:28 am