
Delhi Crime News: गाजियाबाद के 17 वर्षीय सूर्या चौहान हत्याकांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि राजधानी दिल्ली में एक और नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय अभिषेक की निर्मम हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है। हमलावरों ने किशोर पर एक-दो नहीं बल्कि दर्जनभर से अधिक चाकू के वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझा ली और एक वयस्क आरोपी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 10:30 बजे न्यू उस्मानपुर थाने को एक युवक के जमीन पर पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां 17 वर्षीय अभिषेक जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिषेक पर बेहद बेरहमी से हमला किया गया था। उसके शरीर पर चाकू के एक दर्जन से अधिक घाव मिले हैं। वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और महत्वपूर्ण सबूत जुटाए।
दिल्ली पुलिस ने हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर दिया है। जांच के दौरान पुलिस ने 21 वर्षीय निक्की नामक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपियों और मृतक के बीच पहले से कुछ विवाद चल रहा था, जो इस हत्याकांड की वजह बना।
पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक और आरोपी एक ही समुदाय से संबंध रखते हैं। फिलहाल विवाद की असली वजह और हत्या की पूरी साजिश को लेकर जांच जारी है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि दिनदहाड़े और खुलेआम इस तरह की घटनाएं होना बेहद चिंताजनक है। हमें यहां रहने में डर लग रहा है। वारदात में 12 से 16 लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है।
इसी बीच न्यू उस्मानपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक और चाकूबाजी की घटना सामने आई। भगत सिंह कॉलोनी में 26 वर्षीय युवक ललित का शव बरामद हुआ।
ललित ब्रह्मपुरी इलाके का रहने वाला था। पुलिस को वह जमीन पर मृत अवस्था में मिला। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में 28 मई को बकरीद के दिन 11वीं कक्षा के छात्र सूर्या चौहान की भी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने हाल ही में मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया था, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले की जांच जारी है।