
सूर्या की मां ने की 6 और एनकाउंटर की मांग (Photo: IANS)
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चर्चित सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड में पीड़ित परिवार ने बड़ी मांग की है। 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद मृतक छात्र की मां सरोज ने संतोष जताया है, लेकिन साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की मांग की है।
सूर्या की मां सरोज ने कहा कि उनके बेटे की हत्या एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि सात लड़कों ने मिलकर की थी। ऐसे में केवल मुख्य आरोपी के मारे जाने से न्याय पूरा नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन आरोपियों ने उनके बेटे की हत्या में भूमिका निभाई, उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई भी होनी चाहिए।
बेटे की मौत के गम से उबरने की कोशिश कर रही सरोज ने कहा कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा है, लेकिन वह असद की मौत की पुष्टि अपनी आंखों से देखकर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वह असद का शव या उसकी तस्वीर नहीं देख लेंगी, तब तक पूरी तरह विश्वास नहीं कर पाएंगी कि वह मारा जा चुका है।
सरोज ने भावुक होते हुए कहा, "मेरे घर का चिराग बुझा दिया गया। सात लड़कों ने मिलकर मेरे बेटे को मारा। किसी ने उसके हाथ पकड़े, किसी ने मुंह और गर्दन पकड़ा था, फिर असद ने चाकू से हमला किया। इसलिए सभी दोषियों का एनकाउंटर होना चाहिए। बुलडोजर एक्शन का जो आश्वासन दिया गया है, उसे भी जल्दी पूरा किया जाना चाहिए।"
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी असद पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि फरार असद अपने साथियों से पैसे लेकर फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर जा रहा था। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में असद गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।
सूर्या हत्याकांड को लेकर पिछले कई दिनों से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। न्याय की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। इसी को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।
सूर्या ने इसी साला 10वीं की परीक्षा दी थी। उसका एक बड़ा भाई और एक बहन है। पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी थी। राज्य सरकार ने सूर्या के परिवार के लिए पांच लाख रुपये की मदद की घोषणा की है।
Published on:
01 Jun 2026 09:30 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
