देश की राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने मां और उसके 14 साल के मासूम बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड (Delhi Double Murder) से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके (Govindpuri Double Murder) से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बुधवार देर रात घर के अंदर मां और बेटे की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी घर से करीब 12 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुईं है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय शारदा के रूप में हुई है, जबकि उनके 14 वर्षीय बेटे का नाम खुशाल बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, शारदा के पति जब बाजार से घर लौटे तो उन्होंने पत्नी और बेटे को रसोई के फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
बताया जा रहा है कि शारदा के पति सब्जी विक्रेता हैं और साप्ताहिक बाजार में ठेला लगाते हैं। घटना के समय वह बाजार गए हुए थे। इसी दौरान बदमाश घर में घुसे और मां-बेटे पर हमला कर दिया। शुरुआती जांच में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घर से कई अहम सबूत जुटाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। परिवार के लोगों और आसपास के निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
इस दोहरे हत्याकांड ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से कड़े कदम उठाने की मांग की है।
खबर अपडेट की जा रही है।