
Delhi revenge killing: दिल्ली के गाजीपुर इलाके की मुर्गा मंडी में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। कहासुनी के दौरान एक युवक के अपने दोस्त को थप्पड़ मारना इतना भारी पड़ गया कि दूसरे ने बदले की आग में आकर बल्ली से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। हैरानी की बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल युवक करीब तीन घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन उसे समय पर मदद नहीं मिल सकी।
जानकारी के अनुसार, रणजीत और मूलचंद दोनों दोस्त थे जो गाजीपुर मुर्गा मंडी में काम करते थे। उनके बीच विवाद एक छोटी सी बात से शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि रणजीत नशे की हालत में अपना मोबाइल लेकर मंडी से बाहर जा रहा था। इसी दौरान मूलचंद ने उसे रोकते हुए बाहर जाने से मना किया, क्योंकि कुछ समय पहले वह नशे में ही अपना मोबाइल खो चुका था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि रणजीत ने गुस्से में आकर मूलचंद को थप्पड़ मार दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थप्पड़ खाने के बाद मूलचंद ने अपना आपा खो दिया और उसने एक बल्ली उठाई और बिना सोचे-समझे रणजीत पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान रणजीत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हालत और ज्यादा भयावह तब हो गई जब इतनी गंभीर हालत में होने के बाद भी किसी ने रणजीत को हॉस्पिटल नहीं पहुंचाया। तीन घंटों तक वह सड़क पर ही तड़पता रहा।
बाद में किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी हालत बहुत नाजुक हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मूलचंद को मंडी से ही गिरफ्तार कर लिया। मौके से मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि घटना अचानक गुस्से और बदले की भावना में अंजाम दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।