नई दिल्ली

दिल्ली तुगलकाबाद आग हादसा: साड़ियों के सहारे बचाईं जिंदगियां, धमाकों और चीख-पुकार के बीच पड़ोसी बने फरिश्ते

Delhi Fire Rescue Operation: दिल्ली के तुगलकाबाद में एक बहुमंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान स्थानीय लोगों ने साड़ियों और ग्रिल काटकर फंसे लोगों को बचाने में मदद की। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

2 min read
Tughlaqabad Fire Incident
दिल्ली तुगलकबाद अग्निकांड में पड़ोसियों ने बचाईं कई जानें (Photo-ANI)

Delhi Tughlaqabad Fire: दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहनों से शुरू हुई थी। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इसी बीच मौके पर मौजूद एक स्थानीय महिला ने हादसे के दौरान का डरावना मंजर बताया।

उन्होंने कहा कि बिल्डिंग के नीचे खड़े बाइक और स्कूटरों में लगातार धमाके हो रहे थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग यह मंजर देखकर तुरंत राहत कार्य में जुड़ गए थे। उन्होंने फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए साड़ियों का सहारा लिया और वहीं कुछ लोगों तक पहुंचने के लिए पीछे लगी लोहे की ग्रिल भी काटी।

रात 2 बजे मची अफरा-तफरी

महिला ने बताया कि वह बिल्डिंग के सामने वाली गली में रहती हैं। उन्होंने बताया कि जब पता चला कि आग लग गई है तब सभी पड़ोसी आग में फंसे लोगों को बचाने के लिए भागे। उनके अनुसार, बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी 7 बाइक और एक स्कूटर खडे थे, जिनमें लगातार धमाके हो रहे थे। उन्होंने कहा कि लोगों ने पानी डालकर आग को काबू में करने की कोशिश की। महिला ने बताया कि हादसे में कुल 8 लोग घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि यह घटना रात के 2 बजे के करीब हुई और 2 बजकर 10 मिनट तक बचाव के लिए कॉल किया गया।

संकरी गली बनी राहत कार्य की चुनौती

दमकल विभाग के अधिकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी वह ग्राउंड फ्लोर समेत छह मंजिला थी। इमारत संकरी गली में होने के कारण राहत और बचाव कार्य आसान नहीं था। आग लगने और लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को कई कॉल प्राप्त हुईं, जिसके बाद तीन फायर टेंडर, दो वाटर बाउजर, एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल को मौके पर भेजा गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए बाद में और भी दमकल वाहन भी रवाना किए गए।

डेढ़ घंटे के बाद आग पर पाया गया काबू

दमकलकर्मियों की लगातार कोशिशों के बाद करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने का काम पूरा होने के बाद भी राहत और बचाव अभियान जारी रखा गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इमारत के अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो। इसी दौरान एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला भी गया। फिलहाल अधिकारी आग लगने की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं।

Published on:
12 Jun 2026 08:41 am