
Delhi Tughlaqabad Fire: दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में तीन लोगों की जान चली गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की तारीफ करते हुए कहा कि पड़ोसियों ने साड़ियों के सहारे लोगों को नीचे उतारकर कई जानें बचाईं। साथ ही उन्होंने दिल्ली में हाल ही में हुए हादसों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसे होते हैं तो जांच का ऐलान तो कर दिया जाता है लेकिन उनकी रिपोर्ट कभी सामने नहीं आती।
सौरभ भारद्वाज ने हाल ही में दिल्ली में हुए हादसों का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल पूछे हैं। उन्होंने बताया कि पालम हादसे के बाद कहा गया था कि एक या डेढ़ महीने में जांच पूरी हो जाएगी, लेकिन चार महीने बीतने के बाद भी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हुई। इसके अलावा विवेक विहार अग्निकांड में भी एक हफ्ते में रिपोर्ट आने की बात कही गई थी, लेकिन वह अब तक सामने नहीं आई। वहीं मालवीय नगर हादसे के बाद तीन दिन में रिपोर्ट देने का दावा किया गया था, लेकिन एक हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद रिपोर्ट जारी नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार बिल्डिंग में आग रात 2 बजे के करीब लगी थी। जैसे ही पड़ोसियों को घटना की खबर मिली, सब मिलकर बिना अपनी जान की परवाह किए बचाव कार्य में जुट गए थे। आग में फंसे लोगों को साड़ियों की मदद से नीचे उतारा गया। साथ ही लोगों को बाहर निकलाने के लिए लोहे की ग्रिल को भी काटा। सौरभ भारद्वाज ने स्थानीय लोगों के इस सहयोग की तारीफ करते हुए कहा कि मेरा मानना है कि अगर पड़ोसी इसी तरह एक-दूसरे की मदद करें, तो ऐसी कई त्रासदियों को रोका जा सकता है या उनके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
आपको बता दें कि जिस बिल्डिंग में आग लगी वह तुगलकाबाद के गोविंदपुरी की संकरी गली में स्थित थी। इस वजह से बचाव कार्य के दौरान काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पूरे डेढ़ घंटों के बाद आग पर काबू पाया गया।