नई दिल्ली

सगे भाई की हत्या में जेल: अब बदमाशों ने गोलियों से भून डाला, पेट-सीने में गोली लगने के बाद खुद अस्पताल पहुंचा हिस्ट्रीशीटर

Ghaziabad : मोदीनगर के हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ कालू पर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

2 min read
हिस्ट्रीशीटर को गोली मारते बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज

Ghaziabad : दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गुरुवार रात गैंगवार की आशंका और पुरानी रंजिश के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सीकरी कला गांव के पास एक ढाबे के सामने घात लगाए बैठे हमलावरों ने कार सवार हिस्ट्रीशीटर राहुल उर्फ कालू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में राहुल को पेट, गले और सीने में चार गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उसे गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मूल रूप से मोदीनगर के बेगमाबाद गांव का निवासी राहुल उर्फ कालू गुरुवार रात अपनी कार से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। रास्ते में वह सीकरी कला स्थित स्वागत होटल (ढाबा) पर किसी से मिलने के लिए रुका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वहां पहले से मौजूद कुछ युवक राहुल से बात करने लगे। बातचीत के दौरान ही अचानक उन्होंने असलहे निकाल लिए और राहुल पर गोलियों की बौछार कर दी।

ये भी पढ़ें

Delhi Crime: कब्र में दफनाने से पहले पहुंची पुलिस, रुकवाया 19 साल की युवती का जनाजा, PM रिपोर्ट में खुला हत्या का राज

गोली लगने के बाद खुद कार चलाकर निकला राहुल

हमले की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चार गोलियां लगने और लहूलुहान होने के बावजूद राहुल ने हिम्मत नहीं हारी। वह खुद कार चलाकर मौके से निकल गया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा। फिलहाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।

राहुल का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

राहुल उर्फ कालू का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा रहा है। वह अपने ही सगे भाई की हत्या के मामले में पहले जेल जा चुका है। इसके अलावा करीब पांच महीने पहले मोदीनगर पुलिस ने उसे जिला पंचायत सदस्य के पुत्र और रालोद के जिला उपाध्यक्ष रवि वाल्मीकि से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था। वहीं, आपराधिक पृष्ठभूमि के बावजूद वह राजनीति में भी सक्रिय होने की कोशिश कर रहा था और एक किसान संगठन के जिला अध्यक्ष के रूप में अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा था।

पुरानी रंजिश या गैंगवार? पुलिस कर रही जांच

एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अभी तक मामले में कोई औपचारिक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस हमले को राहुल की पुरानी रंजिश और आपराधिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि जमानत पर बाहर आने के बाद विरोधी गुट ने उसे रास्ते से हटाने के लिए यह हमला किया है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में बेटे ने पिता को बंदूक दिखाकर लूटे 10 लाख रुपए, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में किया पर्दाफाश

Also Read
View All

अगली खबर