
Ghaziabad minor sisters missing: गाजियाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने न सिर्फ एक परिवार को झकझोर दिया बल्कि कई बड़े सवाल भी खड़े कर दिए हैं। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र से दो नाबालिग बहनों ने अचानक घर छोड़ दिया और जाने के बाद पिता को इंस्टाग्राम पर ऐसा मैसेज भेजा, जिसे पढ़कर कोई भी हैरान रह जाए। जाने के बाद उन दोनों ने पिता को इंस्टाग्राम पर मैसेज किया कि उन्हें आजादी चाहिए और वे जहां हैं, वहां खुश हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब वे घर वापस नहीं आएंगी और “हम आपके लिए मर चुके हैं।”
पिता के अनुसार, पिछले एक साल में दोनों बेटियों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। वे इंस्टाग्राम पर शराब, गांजा और सिगरेट से जुड़े वीडियो बनाकर पोस्ट करती थीं। इससे उनकी आदतें बिगड़ गई थी और उन्होंने इसके चलते परिवार वालों से दूरी बनाना शुरू कर दिया था। पिता का कहना है कि उन दोनों का व्यवहार इतना बुरा हो गया था कि परिवार वालों को पूरे इलाके में शर्मिंदगी महसूस करनी पड़ती थी। वे दोनों अपनी मां से भी गाली देकर बात करती थीं।
पिता ने बताया कि पिछले एक साल में दोनों बहनें पांच बार घर छोड़ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि चार बार वह खुद उन्हें ढूंढ़कर वापस लाए और एक बार पुलिस ने मदद की थी। इस बार छोटी बेटी 27 मार्च को घर से निकली, जबकि बड़ी बेटी 1 अप्रैल को उसके साथ चली गई। परिवार ने उन्हें ढूंढे की काफी कोशिश की लेकिन उन्हें कुछ पता नहीं चला। वहीं बाद में उन दोनों ने इंस्टाग्राम के जरिए पिता से संपर्क किया और साफ कर दिया कि अब वह वापस नहीं आएंगी और कुछ बड़ा बनकर आएंगी।
अपने दोनों बेटियों के इस तरह के व्यवहार से परेशान होकर पिता ने सोमवार को खोड़ा थाने में जाकर पत्र देकर कहा कि अब उनका बेटियों से कोई संबंध नहीं है और उनके साथ होने वाली किसी भी घटना के लिए वे जिम्मेदार नहीं होंगे। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि उन दोनों के मिलने के बाद उनकी काउंसलिंग कराई जाएगी ताकि उन्हें सही दिशा में लाया जा सके।