7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली पुलिस की महिला टीम ने ढाल बनकर बचाई नाबालिग की आबरू, बिहार से आई बच्ची को बेचने की थी तैयारी

Crime News Delhi: दिल्ली पुलिस ने बिहार की नाबालिग को मानव तस्करी से बचाया। आरोपी शिवजी दास उसे बेचने की फिराक में था, तभी गश्ती दल ने उसे धर दबोचा।

2 min read
Google source verification

AI जनरेटेड फोटो

Delhi Police Rescue: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बिहार की रहने वाली एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को मानव तस्करी के चंगुल से सुरक्षित बचा लिया है। समय रहते की गई पुलिसिया कार्रवाई ने न केवल एक मासूम की इज्जत बचाई, बल्कि उसे बिकने से भी रोक लिया। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना 2 अप्रैल की सुबह करीब 10:00 बजे की है। कमला मार्केट थाने की एक जांबाज महिला टीम, जिसमें एसआई किरण सेठी, महिला कांस्टेबल खुशबू और पूजा शामिल थीं, एसएन मार्ग इलाके में रूटीन गश्त पर थीं। इसी दौरान एक डरी-सहमी नाबालिग लड़की ने पुलिस टीम को देखते ही उनकी ओर मदद का इशारा किया।

बिहार से दिल्ली तक की खौफनाक कहानी

जांच में सामने आया है कि बिहार की रहने वाली यह नाबालिग अपने एक दोस्त के बहकावे में आकर घर से भागकर दिल्ली पहुंची थी, जहां वह शिवजी दास नामक व्यक्ति के पास ठहरी हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए न केवल उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं, बल्कि किसी को बताने पर उसे बदनाम करने की धमकी भी दी। इसी साजिश के तहत घटना वाले दिन वह उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक पार्किंग में ले गया और वहां इंतजार करने को कहकर खुद उसकी सौदेबाजी करने लगा।

सौदेबाजी का हुआ खुलासा

जब पुलिस टीम गवाहों के बयान दर्ज करने के लिए पास की एक दुकान पर पहुँची, तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। स्थानीय लोगों और साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी शिवजी दास उस नाबालिग लड़की को बेचने के लिए सौदेबाजी करने की कोशिश कर रहा था। वह लड़की को नौकरी दिलाने के नाम पर वहां के संदिग्ध लोगों से बात कर रहा था।

पुलिस की कार्रवाई

पीड़िता की सूझबूझ और महिला पुलिस टीम की सतर्कता ने एक मासूम की जिंदगी बर्बाद होने से बचा ली। दिल्ली पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ अपहरण, छेड़खानी और मानव तस्करी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।