नई दिल्ली

‘मुख्य आरोपी तो ढेर, 6 और का हो एनकाउंटर’, सूर्या की मां बोली- किसी ने हाथ पकड़ा था तो किसी ने गर्दन

Surya Pratap Murder Case: पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सूर्या की मां ने कहा, “मैंने एनकाउंटर की मांग की थी। हमने न्याय मांगा था और हमें एनकाउंटर के जरिए न्याय मिल गया है। अन्य छह आरोपियों का भी एनकाउंटर होना चाहिए और उनके घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।
2 min read
Ghaziabad Khoda encounter
सूर्या की मां ने की 6 और एनकाउंटर की मांग (Photo: IANS)

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चर्चित सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड में पीड़ित परिवार ने बड़ी मांग की है। 17 वर्षीय छात्र सूर्या प्रताप चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद मृतक छात्र की मां सरोज ने संतोष जताया है, लेकिन साथ ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की मांग की है।

सूर्या की मां सरोज ने कहा कि उनके बेटे की हत्या एक व्यक्ति ने नहीं, बल्कि सात लड़कों ने मिलकर की थी। ऐसे में केवल मुख्य आरोपी के मारे जाने से न्याय पूरा नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन आरोपियों ने उनके बेटे की हत्या में भूमिका निभाई, उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई भी होनी चाहिए।

‘मुख्य आरोपी की लाश दिखाओ’

बेटे की मौत के गम से उबरने की कोशिश कर रही सरोज ने कहा कि उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा है, लेकिन वह मुख्य आरोपी की मौत की पुष्टि अपनी आंखों से देखकर करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जब तक वह मुख्य आरोपी का शव या उसकी तस्वीर नहीं देख लेंगी, तब तक पूरी तरह विश्वास नहीं कर पाएंगी कि वह मारा जा चुका है।

सरोज ने भावुक होते हुए कहा, "मेरे घर का चिराग बुझा दिया गया। सात लड़कों ने मिलकर मेरे बेटे को मारा। किसी ने उसके हाथ पकड़े, किसी ने मुंह और गर्दन पकड़ा था, फिर मुख्य आरोपी ने चाकू से हमला किया। इसलिए सभी दोषियों का एनकाउंटर होना चाहिए। बुलडोजर एक्शन का जो आश्वासन दिया गया है, उसे भी जल्दी पूरा किया जाना चाहिए।"

बकरीद के दिन हुआ था सूर्या पर हमला

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्य आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया था।

पुलिस मुठभेड़ में कैसे मारा गया मुख्य आरोपी?

पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि फरार मुख्य आरोपी अपने साथियों से पैसे लेकर फरार होने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान मुख्य आरोपी अपने एक साथी के साथ बाइक पर जा रहा था। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है।

सरकार देगी 5 लाख, बढ़ाई गई सुरक्षा

सूर्या हत्याकांड को लेकर पिछले कई दिनों से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। न्याय की मांग को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। इसी को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है।

सूर्या ने इसी साला 10वीं की परीक्षा दी थी। उसका एक बड़ा भाई और एक बहन है। पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी थी। राज्य सरकार ने सूर्या के परिवार के लिए पांच लाख रुपये की मदद की घोषणा की है।

Updated on:
03 Jun 2026 05:54 pm
Published on:
01 Jun 2026 09:30 am
Also Read
View All
जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का तुरंत सुनवाई से इनकार, CJI बोले- हमारा समय बर्बाद मत कीजिए

जंतर-मंतर प्रदर्शन का असर: दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद, घर से निकलने से पहले जान लें पूरी जानकारी

Sharad Pawar PM Modi Meeting: CJP और छात्रों के आंदोलन के बीच पीएम मोदी से मिले शरद पवार व सुप्रिया सुले, चर्चाओं का बाजार गर्म

BJP vs Rahul Gandhi: PM आवास मार्च पर BJP का राहुल गांधी पर पलटवार, बोली- ‘क्या देश आपके अहंकार से चलेगा?’

Dharmendra Pradhan Resignation: कांग्रेस का शिक्षा मंत्री पर सीधा हमला, केसी वेणुगोपाल बोले, शिक्षा मंत्री बने रहने का धर्मेंद्र प्रधान को अधिकार नहीं