नई दिल्ली

विदाई से पहले मानसून का तांडव, यमुना में बाढ़ से लोहे का पुल बंद, अगले 24 घंटे के लिए बड़ा अलर्ट जारी

Heavy Rain Alert: दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश को देखते हुए यमुना नदी पर बना पुराना लोहे का पुल 2 सितंबर शाम 4 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेगा। अगले 24 घंटे के लिए मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है।

3 min read
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट।

Heavy Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में विदाई से पहले मानसून ने जमकर कहर बरपाया। इससे कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को भी भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटे तक हालात और बिगड़ सकते हैं। सोमवार को दिनभर हुई तेज बारिश ने दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की रफ्तार थाम दी थी। कई इलाकों में जलभराव से लोग परेशान दिखे और अब बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।

ये भी पढ़ें

दिल्ली में मच्छरों से निपटने के लिए चलाई गई स्पेशल ‘ट्रेन’, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शुरुआत

यमुना खतरे के निशान से ऊपर

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह 9 बजे पुराने रेलवे ब्रिज (लोहा पुल) पर यमुना का जलस्तर 205.81 मीटर मापा गया, जबकि खतरे का निशान 205.33 मीटर है। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने और दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश होने से नदी में उफान आया है। बढ़ते जलस्तर से राजधानी के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग के सूत्रों की मानें तो यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से यमुना बाजार, मॉनेस्ट्री मार्केट, ओल्ड उस्मानपुर गांव और बुराड़ी खादर में मंगलवार सुबह बाढ़ का पानी भर गया। यहां झुग्गी-झोपड़ियां डूबने लगीं और लोगों ने नावों के जरिए अपना सामान निकालना शुरू कर दिया। सरकार ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को तुरंत घर खाली करने की चेतावनी दी है।

दिल्ली में शाम 4 बजे से बंद हो जाएगा लोहे का पुल

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को एक एडवाइजरी जारी की है। इसके अनुसार यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण पुराना लोहे का पुल 2 सितंबर शाम 4 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेगा। पुल पर आम जनता और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। यातायात को हनुमान सेतु, राजा राम कोहली मार्ग और गीता कॉलोनी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।

गुरुग्राम और एनसीआर के अन्य शहर बेहाल

भारी बारिश ने गुरुग्राम को भी थाम दिया है। सोमवार को दिनभर बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव हो गया और कई जगहों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों और दफ्तरों को ऑनलाइन मोड में चलाने के निर्देश जारी किए हैं। नोएडा और गाजियाबाद में भी हालात बिगड़े। गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर आईपीएम कॉलेज के पास पानी भर गया और लंबे जाम की स्थिति बन गई। फरीदाबाद भी बारिश से बेहाल नजर आया।

फरीदाबाद में 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश

स्मार्ट सिटी फरीदाबाद में 24 घंटे में 59.37 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। धौज में सबसे अधिक 110 मिमी और गोची में 79 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं, तिगांव में सबसे कम 28 मिमी बारिश हुई। बल्लभगढ़ में 71, दयालपुर में 54, बड़खल में 42 और मुख्य फरीदाबाद क्षेत्र में 40 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मंगलवार को भी जिले में भारी बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान लगभग बराबर हो गया है। मंगलवार सुबह 8 बजे अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अगले 24 घंटे का मौसम अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए अगले 24 घंटे का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि क्षेत्र में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे यमुना का जलस्तर और बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने का खतरा है। लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। यमुना में बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए दिल्ली सरकार और प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारी तेज कर दी है। राहत-बचाव टीमें अलर्ट पर हैं और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें

साहब! रात में मिलने का दबाव बनाते हैं म्यूजिक टीचर…छात्राओं की बातें सुनकर हैरान रह गए BEO

Also Read
View All

अगली खबर