नई दिल्ली

ब्लैक में कीमत 4000… LPG संकट के कारण दिल्ली में मामला गर्म, गुस्साए लोगों ने किया एजेंसी का घेराव

LPG Cylinder Crisis Delhi: पूर्वी दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई है। सप्लाई ठप होने से छोटे-बड़े रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकटखड़ा हो गया है। हालात इतने खराब हैं कि दुकानदार मजबूरन काले बाजार (ब्लैक) से 3000 से 4000 रुपये में घरेलू सिलेंडर खरीदकर काम चला रहे हैं।
less than 1 minute read
Mar 14, 2026
lpg cylinder crisis delhi black marketing ghonda chowk gas agency protest

LPG Cylinder Crisis Delhi: एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते पूर्वी दिल्ली में लोगों की परेशानी दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। कमर्शियल गैस सिलेंडर बंद होने से होटल, रेस्टोरेंट से लेकर छोटे-छोटे दुकानदारों तक का काम प्रभावित हो गया है। इस मजबूरी के चलते कई दुकानदार कालाबाजारी करने वालों के जाल में फंस जाते हैं।

दुकानदारों का कहना है कि अगर कमर्शियल सिलेंडर को जल्द शुरू नहीं किया तो उनका रोजगार पूरी तरह संकट के घेरे में आ जाएगा। आगे कहते हैं कमर्शियल सिलेंडर नहीं होने के कारण किसी तरह घरेलू सिलेंडर का इंतजाम कर गुजारा कर रहे हैं, या फिर मजबूरी में ब्लैक में खरीदना पड़ेगा।

छोटे व्यापारियों का आर्थिक बोझ बढ़ गया

स्थानीय लोगों के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सरकारी कीमत करीब 913 रुपये है, लेकिन सप्लाई की कमी के कारण यह सिलेंडर ब्लैक में 3000 से 4000 रुपये तक में बिक रहा है। इससे आम उपभोक्ताओं और छोटे व्यापारियों दोनों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

लोगों का गुस्सा फूटा

घोंडा चौक के समीप एक गैस एजेंसी पर उस समय भारी हंगामा देखने को मिला जब आपूर्ति में देरी से नाराज उपभोक्ताओं का सब्र टूट गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि बुकिंग के 15 दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिले हैं, जिससे उनके घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की नौबत आ गई है। आक्रोशित भीड़ ने एजेंसी के प्रबंधन पर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद डिलीवरी में जानबूझकर देरी क्यों की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने जल्द से जल्द सुचारू सप्लाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि स्थिति तुरंत नहीं सुधरी तो वे अपना विरोध और उग्र करेंगे।

Updated on:
14 Mar 2026 04:20 pm
Published on:
14 Mar 2026 04:20 pm