सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की पहचान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की पहचान
ग्वालियर। लग्जरी कार खरीदने के बाद जश्न मनाना कुछ युवकों को भारी पड़ सकता है। नई कार की खुशी में स्टंटबाजी और हाइवे पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
बुधवार को वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक नई लग्जरी कार का पूजन करते नजर आ रहे हैं। इसके बाद कार मालिक अपने साथियों के काफिले के साथ ‘राधे-राधे’ की धुन पर सड़कों पर घूमते दिखाई देते हैं। वीडियो में कार सवार युवक खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
जश्न के दौरान एक युवक ने हद पार करते हुए राइफल से हाइवे पर फायरिंग कर दी। सरेआम गोलीबारी का वीडियो सामने आते ही पुलिस सक्रिय हो गई है।
कंपू थाना प्रभारी अमरसिंह सिकरवार ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। फुटेज के आधार पर स्टंटबाजी और फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।