chhindwara lok sabha seat: कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रोड-शो में बीजेपी प्रत्याशी के लिए मांगे वोट..
lok sabha election 2024 में मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा लोकसभा सीट सबसे हॉट सीट बनी हुई है। 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी की आंधी के बीच भी छिंदवाड़ा में कमल नहीं खिला था इसलिए इस बार छिंदवाड़ा में भाजपा हर हाल में कमल खिलाना चाहती है। इसी कड़ी में भाजपा के तमाम दिग्गज नेता छिंदवाड़ा पर फोकस बनाए हुए हैं। अब केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी कमलनाथ के गढ़ में मेगा रोड-शो कर रहे हैं।
गृहमंत्री अमित शाह का रोड शो शहर के फव्वारा चौक से शुरू हो चुका है। अमित शाह के रोड शो के दौरान छिंदवाड़ा पूरी तरह से भगवामय नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद हैं जो जय-जय श्रीराम और फिर एक बार मोदी सरकार के नारे लगा रहे हैं। लोगों ने घरों पर मोदी का परिवार, मोदी का घर के बैनर पोस्टर लगाए हुए हैं। अमित शाह रथ पर सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे हैं। बता दें कि गृहमंत्री अमित शाह आज रात छिंदवाड़ा में ही रूकेंगे।
बता दें कि मध्यप्रदेश में पहले चरण में जिन 6 सीटों पर मतदान होना है उनमें छिंदवाड़ा भी शामिल हैं और छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर कल यानी बुधवार को चुनाव प्रचार थम जाएगा। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट की बात की जाए तो इसे कमलनाथ का गढ़ कहा जाता है और इस बार यहां से कांग्रेस की ओर से कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं तो वहीं भाजपा ने बंटी विवेक साहू को प्रत्याशी बनाया है। छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों को मिलाकर कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं जिनके भाग्य का फैसला 19 अप्रैल को मतदाता ईवीएम में कैद कर देंगे और फिर 4 जून को परिणाम घोषित किए जाएंगे।