
भीलवाड़ा. लम्बे इंतजार के बाद शनिवार को शहर में मानसून मेहरबान हुआ। शाम को आधा घंटे झमाझम बरसात ने तरबतर कर दिया। इससे उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। रात का पारा गिर गया। शहर में लोग सुबह से गर्मी से परेशान थे। दोपहर साढ़े तीन बजे बाद मौसम ने पलटा खाया। घनघोर घटाएं छाने के साथ तेज गर्जना हुई।
अंधेरा छा गया। उसके बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब आधा घंटे मेघों ने राग मल्हार गाया। बारिश देख लोगों के चेहरे खिल उठे। बच्चों ने बारिश में नहाने का आनंद लिया। भीलवाड़ा में 32 और और शाहपुरा जिले के कोटड़ी में 41 मिमी बारिश दर्ज हुई। शहर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तथा न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहली बारिश ने खोली पोल, घुटनों तक भरा पानी
मानसून की पहली तेज बरसात ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खुली। नालियां और नाले कचरे से अटे होने से गंदा पानी सड़क पर आ गया। बड़ला चौराहे से पुरानी शास्त्रीनगर चौकी रोड पर नाला और सड़क बराबर हो गई। इससे गंदा पानी सड़क पर आने से सड़क नजर नहीं आई। यहीं हाल सरस्वती सर्कल के निकट चौपाटी, नगर परिषद के बाहर, रोडवेज बस स्टैण्ड चौराहा, श्रीगेस्ट हाउस चौराहा, पुराना भीलवाड़ा का नजर आया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भरा हुआ था।