समाचार

तमिलनाडु शराब त्रासदी: 30 लोगों की हालत अब भी गंभीर, मृतकों की संख्या बढकर 47 हुई

Kallakurichi Illicit Liquor Deaths

2 min read
Jun 21, 2024

चेन्नई. तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जहरीली शराब त्रासदी में मृतकों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इसका 165 लोगों पर दुष्प्रभाव पड़ा है। कल्लाकुरिची में मीडिया से बातचीत में जिला कलक्टर एम.एस.प्रशांत ने शुक्रवार को कहा कि 118 लोगों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा अस्पताल में भर्ती शराब त्रासदी के मरीजों में अभी 30 की हालत नाजुक चल रही है। इलाज के बाद 68 लोगों की हालत बेहतर हो रही है। इस बीच, जहरीली शराब त्रासदी में गिरफ्तार सभी चार लोगों को 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में कल्लाकुरिची जिला कलक्टर प्रशांत एमएस ने कहा कि गुरुवार तक मरने वाले 29 लोगों के शव परिजनों को सौंप दिए गए थे। कुछ शवों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।

जहरीली शराब पीकर 165 की बिगड़ी थी तबीयत
तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में नकली शराब पीने से कुल 165 लोगों की हालत बिगड़ गई थी। हालत बिगड़ने के बाद नकली शराब ब्रिकी का मामला उजागर हुआ था। एक साथ जिले भर में कई लोगों की देसी शराब पीने से तबीयत बिगड़ी तो उन्हें शहर के जेआईपीएमईएआर, सलेम और मुंडियाबक्कम सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 118 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल में दवाओं एवं तमाम तरह की मेडिकल व्यवस्थाओं को दुरस्त रखने का निर्देश भी प्रशासन की ओर से दिया गया है।

जहरीली शराब के खिलाफ चल रहा अभियान
कल्लाकुरिची और आसपास चल रहे जहरीली शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक जहरीली शराब बनाने वालों के खिलाफ अभियान के लिए टीम गठित कर दी गई है। जंगलों से लेकर गांव की बस्तियों तक में टीमों को भेजा गया है। प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि जिन लोगों ने भी देशी शराब पी है तो खुद ही अपना चेकअप करा लें ताकि आने वाले खतरे को टाला जा सके।

Published on:
21 Jun 2024 03:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर