
नरेन्द्र सिंह तोमर
अध्यक्ष, मध्यप्रदेश विधानसभा
विश्व के आधुनिक राजनीतिक और लोकतांत्रिक इतिहास में भारत के संविधान की यात्रा एक अद्वितीय, असाधारण और प्रेरणादायी उपलब्धि है। प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाने वाला ‘संविधान दिवस’ हमें वर्ष 1949 के उस ऐतिहासिक क्षण का स्मरण कराता है, जब संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के सर्वोच्च विधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। जब भारत ने अपनी संवैधानिक यात्रा प्रारंभ की थी, तब वैश्विक स्तर पर कई राजनीतिक विश्लेषकों और विचारकों ने इस बात पर गंभीर संदेह व्यक्त किया था कि इतनी विशाल जनसंख्या, सैकड़ों भाषाओं, विविध पंथों, संस्कृतियों और गहरी सामाजिक-आर्थिक असमानताओं वाला देश एक लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था के रूप में लंबे समय तक टिक पाएगा या नहीं। किंतु, विगत साढ़े सात दशकों की हमारी गौरवशाली यात्रा ने उन सभी आशंकाओं को न केवल निर्मूल सिद्ध किया, बल्कि समूचे विश्व के समक्ष लोकतंत्र की सफलता का एक स्वर्णिम और अनुकरणीय मानदंड भी स्थापित किया है।
आज भारत केवल विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र ही नहीं है, बल्कि एक परिपक्व, स्थिर, संवेदनशील और जीवंत संवैधानिक गणराज्य के रूप में प्रतिष्ठित हो चुका है। संविधान सभा के सभी मनीषियों की अद्भुत दूरदर्शिता का ही यह सुपरिणाम है कि हमारा संविधान एक जड़ दस्तावेज न रहकर, समय और समाज की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को ढालने वाला एक गतिशील मार्गदर्शक बना है। संविधान की प्रस्तावना में निहित ‘न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व’ के शाश्वत आदर्शों ने भारत की विविधता को एकता के एक ऐसे मजबूत सूत्र में पिरोया है, जो हर आंतरिक और बाह्य चुनौती के समय चट्टान की भांति अडिग खड़ा रहा है। यदि हम अपनी संवैधानिक उपलब्धियों का सूक्ष्म मूल्यांकन करें, तो सबसे पहले हमारे लोकतंत्र की जड़ों की गहराई दिखाई देती है।
विश्व के अनेक नव-स्वतंत्र देशों में जहां लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं लडख़ड़ा गईं या अधिनायकवाद का शिकार हो गईं, वहीं भारत में संविधान के तहत निरंतर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक सत्ता हस्तांतरण होते रहे हैं। ग्राम पंचायत से लेकर देश की संसद तक त्रिस्तरीय लोकतांत्रिक व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण हमारी सबसे बड़ी संवैधानिक सफलता है। 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के माध्यम से स्थानीय स्वशासन को जो संवैधानिक दर्जा मिला, उसने लोकतंत्र को सही अर्थों में जमीनी स्तर तक पहुंचाया और लाखों आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं तथा वंचित वर्गों को नीति-निर्माण की प्रक्रिया का सीधा भागीदार बनाया।इसके अतिरिक्त, स्वतंत्र और निष्पक्ष न्यायपालिका, सशक्त निर्वाचन आयोग, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) तथा संघ लोक सेवा आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं ने भारतीय लोकतंत्र के स्तंभों को निरंतर मजबूती प्रदान की है। संविधान ने विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच शक्तियों के पृथक्करण और संतुलन का जो अद्भुत सिद्धांत प्रतिपादित किया है, उसने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की है।
साढ़े सात दशकों की संचित उपलब्धियां आज हमें स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विराट लक्ष्य को प्राप्त करने का अटूट आत्मविश्वास प्रदान करती हैं। किसी भी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति और विकास तभी स्थायी तथा सार्थक हो सकता है, जब उसके मूल में संवैधानिक न्याय, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास की भावना निहित हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल्पना के अनुसार ‘विकसित भारत’ की अवधारणा केवल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों, आर्थिक समृद्धि या आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण तक सीमित नहीं है। इसका वास्तविक ध्येय समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान, प्रत्येक नागरिक के गरिमामय जीवन की सुनिश्चितता, लैंगिक समानता और अवसर की निष्पक्ष उपलब्धता है। हमारे संविधान ने सदियों से वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को जो संवैधानिक संरक्षण और अधिकार प्रदान किए हैं, उसी की बदौलत आज भारत की मानव पूंजी सशक्त हुई है और देश विश्व की प्रमुख आर्थिक एवं सामरिक शक्ति के रूप में तेजी से उभर रहा है। इस राष्ट्रीय उपलब्धि और ‘विकसित भारत’ के महासंकल्प में देश के हृदय स्थल मध्यप्रदेश की भूमिका अत्यंत गौरवशाली और महत्वपूर्ण रही है। अपनी भौगोलिक स्थिति, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संसाधनों के साथ मध्यप्रदेश ने सदैव राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संवैधानिक मर्यादाओं को सुदृढ़ किया है। लोकतंत्र के पवित्र मंदिर के रूप में ‘मध्यप्रदेश विधानसभा’ ने अपनी स्थापना के समय से लेकर आज तक उच्च संसदीय परंपराओं, रचनात्मक संवाद, स्वस्थ बहस और जनहितैषी कानूनों के निर्माण के माध्यम से भारतीय संसदीय लोकतंत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। विधानसभा के इस गौरवशाली मंच ने अनेक ऐसे युगांतरकारी विधेयकों को पारित किया है, जिन्होंने प्रदेश के किसानों, युवाओं, महिलाओं, जनजातीय समुदाय और श्रमिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
मेरा यह दृढ़ विश्वास है कि सदन की कार्यवाही केवल नियमों और प्रक्रियाओं का संचालन मात्र नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की करोड़ों जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को स्वर देने का सबसे सशक्त माध्यम है। जब पक्ष और विपक्ष संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनकल्याण के मुद्दों पर सार्थक विमर्श करते हैं और विधायिका अपनी रचनात्मक भूमिका से कार्यपालिका की जवाबदेही तय करती है, तब सुशासन का मार्ग स्वयं प्रशस्त होता है। आज मध्यप्रदेश विधानसभा भी समय के साथ कदम मिलाते हुए तकनीकी नवाचारों और ‘ई-विधान’ जैसी आधुनिक प्रणालियों को अपनाकर अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी, पेपरलेस और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में अग्रसर है। यह संवैधानिक संस्थाओं की गतिशीलता का ही प्रमाण है कि हम अपनी विरासत को सहेजते हुए आधुनिकता को आत्मसात कर रहे हैं और ‘विकसित मध्यप्रदेश से विकसित भारत’ के लक्ष्य को निरंतर गति दे रहे हैं।
संविधान दिवस का यह पावन अवसर हमें अपनी संवैधानिक उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का गंभीर बोध भी कराता है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का यह विचार सदैव प्रासंगिक है कि अधिकारों का वास्तविक स्रोत कर्तव्य ही हैं। हमारा संविधान हमें मौलिक अधिकारों का अभेद्य सुरक्षा कवच प्रदान करता है, तो दूसरी ओर अनुच्छेद 51(क) के अंतर्गत ‘मौलिक कर्तव्यों’ के माध्यम से राष्ट्र के प्रति हमारे दायित्वों का स्मरण भी कराता है। एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के निर्माण में केवल सरकारों या संवैधानिक संस्थाओं की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय और सकारात्मक भागीदारी अनिवार्य है। जब प्रत्येक नागरिक संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करेगा, पर्यावरण और जल का संरक्षण करेगा, स्वच्छता को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएगा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाएगा और सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को बढ़ावा देगा, तभी हम एक आदर्श समाज का निर्माण कर पाएंगे। विशेष रूप से हमारी युवा पीढ़ी, जो ‘अमृत पीढ़ी’ के रूप में वर्ष 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व करने जा रही है, उसके लिए संविधान की मूल भावना को समझना और अपने आचरण में उतारना अत्यंत आवश्यक है।
आइए, इस संविधान दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर हम सभी प्रदेशवासी और देशवासी अपनी इस महान संवैधानिक विरासत को अक्षुण्य रखने का संकल्प लें। हम अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करें। हमारा प्रत्येक कदम राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला हो, ताकि हम सब मिलकर एक ऐसे सशक्त, समरस, समृद्ध और ‘विकसित भारत’ का निर्माण कर सकें, जो संपूर्ण विश्व का मार्गदर्शन करने में सक्षम हो।