25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / किशोर न्याय में उम्र की सीमा पर पुनर्विचार की जरूरत

किशोर न्याय में उम्र की सीमा पर पुनर्विचार की जरूरत

अब वे ऐसी जानकारियों और परिस्थितियों के संपर्क में आ रहे हैं, जिनके लिए वे मानसिक और शारीरिक रूप से अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं होते।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

डॉ. ऋतु सारस्वत

•

Updated: 25 Nov 2026, 4:10 PM IST

juvenile justice

juvenile justice

हाल में केरल उच्च न्यायालय ने 'विनोद विक्रमन पिल्लई बनाम केरल राज्य एवं अन्य' (2026) मामले की सुनवाई के दौरान किशोर न्याय कानून में निर्धारित आयु सीमा को लेकर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। यह मामला केरल आबकारी अधिनियम में 23 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को शराब बेचने और परोसने पर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन तथा इस संबंध में आबकारी अधिकारियों की जवाबदेही से जुड़ा था। न्यायालय ने अपने आदेश में कहा, 'अब समय आ गया है कि विधायिका किशोरों और कानून से संघर्षरत बच्चों से संबंधित कानूनों में उपयुक्त संशोधन करके आयु सीमा 16 वर्ष करने पर विचार करे। वर्तमान प्रवृत्तियां दर्शाती हैं कि 16 वर्ष की आयु तक पहुंचते-पहुंचते बच्चे पर्याप्त परिपक्वता प्राप्त कर लेते हैं।' न्यायालय की इस टिप्पणी ने एक बार फिर इस प्रश्न को चर्चा के केंद्र में ला दिया है कि क्या वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में किशोर न्याय के लिए निर्धारित 18 वर्ष के मानदंड पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

इस विषय पर न्यायिक स्तर पर पहले भी विचार किया जा चुका है। वर्ष 2018 में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय ने 'फारूक खान बनाम जम्मू-कश्मीर राज्य एवं अन्य' मामले में राज्य सरकार को इस आयु सीमा पर पुनर्विचार करने का निर्देश दिया था। न्यायालय ने सरकार से जम्मू-कश्मीर किशोर न्याय अधिनियम, 2013 में संशोधन की संभावना पर विचार करने को कहा था, ताकि किशोर की निर्धारित आयु 18 वर्ष से घटाकर 16 वर्ष की जा सके। गौरतलब है कि वर्ष 2012 के निर्भया सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्याकांड के बाद भी यह मुद्दा देशव्यापी बहस का विषय बना था। निर्भया कांड में एक आरोपी की आयु अपराध के समय लगभग 17 वर्ष थी। किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत उसका विचारण किशोर न्याय बोर्ड में हुआ और उसे अधिकतम तीन वर्ष के लिए विशेष गृह में रखने का आदेश दिया गया। इस प्रकरण ने गंभीर अपराधों में संलिप्त 16 से 18 वर्ष के किशोरों के लिए निर्धारित कानूनी व्यवस्था पर पुनर्विचार की मांग को बल दिया।

वर्ष 2021 में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के समक्ष 'सुनील बनाम मध्य प्रदेश राज्य' का मामला आया, जिसमें लगभग 15 वर्ष के एक किशोर पर 10 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप था। आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायाधीश सुबोध अभ्यंकर ने टिप्पणी की थी कि आरोपी ने यह कृत्य 'पूर्ण चेतना के साथ किया था और यह नहीं कहा जा सकता कि उसने ऐसा अज्ञानतावश किया।' न्यायालय ने 16 वर्ष से कम आयु के किशोरों द्वारा किए जाने वाले जघन्य अपराधों के संदर्भ में तत्कालीन कानूनी व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए यह भी कहा कि 'ऐसे मामलों से निपटने के लिए वर्तमान कानून पूरी तरह अपर्याप्त और अनुपयुक्त है। यह न्यायालय वास्तव में यह सोचकर आश्चर्यचकित है कि इस देश के कानून निर्माताओं की चेतना को झकझोरने के लिए आखिर और कितनी निर्भयाओं को अपने प्राणों का बलिदान देना होगा?' यह एक अपरिहार्य प्रश्न है कि क्या 18 वर्ष की आयु पूरी करते ही कोई व्यक्ति अचानक मानसिक रूप से परिपक्व हो जाता है और उससे ठीक एक दिन, एक सप्ताह या एक महीना कम आयु का किशोर अपरिपक्व ही रह जाता है? क्या मानव मस्तिष्क, व्यवहार और समझ का विकास किसी निश्चित तारीख का मोहताज है, जो एक दिन तक अपरिपक्व और अगले ही दिन परिपक्व घोषित कर दिया जाए?

विज्ञान में ऐसा कोई सार्वभौमिक और निर्णायक मानक नहीं है, जो 18 वर्ष को प्रत्येक व्यक्ति की पूर्ण मानसिक परिपक्वता की सीमा सिद्ध करता हो। यह आयु एक विधिक मानक अवश्य है, लेकिन क्या इसे हर व्यक्ति की समझ, निर्णय क्षमता और अपने कृत्यों के प्रति जवाबदेही का अंतिम पैमाना मान लेना उचित है? यह सवाल तब और गंभीर हो जाता है, जब अपराध की प्रकृति जघन्य हो। क्या उसके पीछे की सोच और संभावित परिणामों को समझने की क्षमता का आकलन केवल उम्र के आधार पर किया जा सकता है? सामाजिक माध्यमों और डिजिटल परिवेश ने किशोरों के सूचना संसार तथा सामाजिक अनुभवों का दायरा बहुत कम उम्र में व्यापक कर दिया है। अब वे ऐसी जानकारियों और परिस्थितियों के संपर्क में आ रहे हैं, जिनके लिए वे मानसिक और शारीरिक रूप से अभी पूरी तरह तैयार भी नहीं होते। इस बदलाव को समाजशास्त्री कार्ल मैनहाइम के लेख 'द प्रॉब्लम ऑफ जनेरेशन्स' के दृष्टिकोण से भी समझा जा सकता है। मैनहाइम ने बताया था कि प्रत्येक पीढ़ी के विचार, दृष्टिकोण और व्यवहार उसके समय की सामाजिक एवं ऐतिहासिक परिस्थितियों से निर्मित होते हैं। इस दृष्टि से आज किशोरों के अनुभवों की तुलना पिछली पीढिय़ों के जीवनानुभवों से नहीं की जा सकती।

विधायिका को अब किशोर न्याय अधिनियम में निर्धारित आयु सीमा को घटाकर 16 वर्ष करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। विशेष रूप से 16 से 18 वर्ष के किशोरों की ओर से किए गए जघन्य अपराधों के मामलों में उनकी निर्णय क्षमता, अपराध की प्रकृति, पूर्व नियोजन और परिणामों के प्रति उनकी समझ का निष्पक्ष आकलन करते हुए उत्तरदायित्व तय करने की स्पष्ट वैधानिक व्यवस्था होनी चाहिए। इसका आशय सभी किशोरों को वयस्क अपराधियों के समान मानना नहीं, बल्कि गंभीर अपराधों में उनकी भूमिका और समझ के अनुरूप न्यायसंगत निर्णय सुनिश्चित करना है। किसी भी सभ्य समाज की पहचान केवल बच्चों को संरक्षण देने से नहीं, बल्कि पीडि़तों को न्याय और अपराध के अनुरूप जवाबदेही सुनिश्चित करने से भी होती है। बाल अधिकारों की रक्षा और न्याय की स्थापना परस्पर विरोधी लक्ष्य नहीं हैं। चुनौती ऐसी व्यवस्था विकसित करने की है, जिसमें संवेदना के साथ न्याय हो और संरक्षण के साथ जवाबदेही भी।

डॉ. ऋतु सारस्वत,(प्रोफेसर एवं समाजशास्त्री)