24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / अध्यात्म और धर्म के महायात्री एवं मानवता के संदेशवाहक

अध्यात्म और धर्म के महायात्री एवं मानवता के संदेशवाहक

भारत के इतिहास में गौतमबुद्ध व आदिशंकराचार्य के बाद गुरुनानक देव ने 22 वर्षों में लगभग 28000 किमी की पदयात्रा (उदासियां) की।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

जसबीर सिंह

•

Updated: 24 Nov 2026, 4:54 PM IST

guru nanak jayanti

guru nanak jayanti

आज पूरा देश गुरुनानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मना रहा है। वह केवल सिक्ख धर्म के संस्थापक ही नहीं, वरन् मानव धर्म के उत्थापक थे। 557 वर्ष पूर्व भारत की पुण्य भूमि पर अवतरित होने के पश्चात् उन्होंने जिन पावन उपदेशों का प्रकाश जन-जन को दिया उससे आज भी पूरी मानवता आलोकित है। उन्होंने भारत की सनातन परंपरा के संवाद व दूसरे की उत्कृष्टता को समझने व स्वीकार करने के सिद्धांत को प्रोत्साहित किया। उनकी चार उदासियां (लंबी यात्राएं) इसका प्रमाण है। उद्देश्य साधु संग व दिव्य भक्ति का प्रचार था।इन यात्राओं के दौरान उन्होंने विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों, सूफियों, लामाओं से संवाद किया। गुरुनानक देव जी ने अंधविश्वास व अज्ञान को दूर करने के लिए और एक सुदृढ़ नींव पर स्वस्थ समाज की रचना के लिए भारत में कुरुक्षेत्र, हरिद्वार, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी, गया, जगन्नाथपुरी, कामाख्या, रामेश्वरम्, श्रीलंका, उज्जैन, द्वारिका, पुष्कर, मथुरा, उत्तर में सुमेरू पर्वत, कश्मीर आदि का भ्रमण करके इन तीर्थों पर अच्छाइयों, बुराइयों को देखा, परखा और सुधारने का प्रयत्न किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी यात्राएं की, जिनमें पूर्वोत्तर देशों तिब्बत, नेपाल और पश्चिम की ओर मक्का, मदीना, बगदाद, काबुल आदि अनेक स्थान थे।

ठाकुर देशराज के शब्दों में यह कहने में हमें कोई अत्युक्ति नहीं जान पड़ती कि ज्ञात इतिहास काल में गुरुनानक जैसा कोई यात्री नहीं हुआ। गुरुनानक देव ने अपनी वाणी में पंजाबी, हिंदी व संस्कृत का तो अध्ययन किया ही था। उनकी अरबी व फारसी शब्दावली के प्रति भी उदार भावना व अध्ययन उनकी वाणी में स्पष्टत: दिखती है। इसी कारण उन्हें तिब्बत में नानक लामा, रूस में नानक कामदार, नेपाल में नानक ऋषि, भूटान में नानक रिपोचिया, श्रीलंका में नानकचार्या, चीन में नानक फूसा, ईराक में नानक पीर, मिस्र में नानक वली, पाकिस्तान में नानक शाह व सउदी अरब में प्रथम पातशाही वली हिंद के नामों से जाना जाता है। भारत के इतिहास में गौतमबुद्ध व आदिशंकराचार्य के बाद गुरुनानक देव ने 22 वर्षों में लगभग 28000 किमी की पदयात्रा (उदासियां) की। गुरुनानक की वाणी में गजब का ओज था, उपदेशों में आकर्षण था, विचारों में सहजता थी और स्वर में मधुरता थी। उनकी बात को सुनने वालों पर जादू-सा हो जाता था।

वे इन यात्राओं के दौरान विरोधियों से भी मिले, प्रशंसकों से भी। देश के मध्यकाल संतों में गुरुनानक ने सुधा लेप का काम किया। यह आश्चर्य की बात है कि विचार और आचार की दुनिया में इतनी बड़ी क्रांति लाने वाले गुरुनानक ने बिना किसी का दिल दुखाए, बिना किसी पर आघात किए नई संजीवनी धारा से प्राणी मात्र को उल्लासित भी किया व प्रेरित भी। उन्होंने उस समय तक के महान संतों व सूफियों की वाणी को समझा और आचरण में उतारा। इसी का परिणाम था कि गुरुग्रंथ साहिब में 6 सिक्ख गुरुओं के अतिरिक्त 30 अन्य जातियों व धर्मों के संतों की वाणी को शामिल किया गया। उन्होंने प्रतिपादित किया कि कोई भी स्त्री-पुरूष किसी भी जाति, पंथ-वर्ग का, घर या पेशे के त्याग के बिना मोक्ष अर्थात् परमार्थ प्राप्त कर सकता है। उन्होंने सामाजिक समरसता बढ़ाने के लिए, जातियों की संकीर्ण दीवारों को तोड़कर एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन मिल बैठकर ग्रहण करने की 'लंगर' परंपरा की शुरुआत की।आम आदमी की भाषा में लिखे व गाए जाने वाले गुरुनानक के शबद-कीर्तन तीन मूलभूत त्रिरत्न सिद्धान्तों पर जोर देते हैं। प्रथम, ईमानदारी से काम व पुरुषार्थ (कीरत करो), द्वितीय, ईश्वर का जप (नाम जपो) और तृतीय, निजी सम्पत्ति को मानवता की भलाई के वास्ते बांटकर खाओ (वंड छको)। गुरुनानक द्वारा प्रारंभ सिख परंपरा शुरू से ही प्रगतिशील रही।

जसबीर सिंह,(पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान अल्पसंख्यक आयोग)