24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव के पीछे क्या रहे कारण?

सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव के पीछे क्या रहे कारण?

भारत सरकार ने भी सोने-चांदी पर टैक्स लगाकर उसे महंगा बना दिया। इसका नतीजा हुआ कि चांदी उन ऊंचाइयों पर चली गई जहां उसे खरीदना आम आदमी के बस का नहीं रहा।
4 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

मधुरेंद्र सिन्हा

•

Updated: 24 Nov 2026, 4:48 PM IST

gold

gold

सर्राफा बाजार में अजीब-सी हलचल है, दोनों ही बहुमूल्य धातुएं इस समय गिरावट के दौर से गुजर रही हैं। सोना जो कभी इतना चमक रहा है था कि कारोबारियों और ग्राहकों के लिए पहेली बन गया था, अब धीरे-धीरे चमक खो बैठा है और सवाल पूछा जा रहा है कि क्या आज के सवा लाख रुपए से यह लाख रुपए प्रति दस ग्राम तक जाएगा? क्या यह कोरोना महामारी के बाद के काल की कीमतों पर उपलब्ध होगा? अगर हम आंकड़ों को देखें तो पाएंगे कि सोना अभी 14 महीनों के न्यूनतम पर है। उधर चांदी भी फिसलती जा रही है और 4 लाख रुपए प्रति किलो के अभूतपूर्व स्तर पर जाकर 1.60 लाख रुपए प्रति किलो तक जा पहुंची है। इससे उन कारोबारियों को बहुत धक्का लगा, जो लंबी पोजिशन लेकर बैठे हुए थे।

चांदी के दामों ने तो वाकई बहुत चौंकाया था क्योंकि इसकी उपलब्धता भी थी और गहने बनाने में इस्तेमाल भी कम था। इसके विपरीत इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के कारण यह तेजी दिखाता रहा। इलेक्ट्रिक कारों की बैटरियों में इसका इस्तेमाल तो हो ही रहा था, सोलर पैनलों में भी चांदी का इस्तेमाल हो रहा है और मोबाइल फोन की चिप में भी यह काम आ रहा है। इन तीनों में भारी खपत के कारण चांदी के दाम सातवें आसमान पर चले गए। अंतरराष्ट्रीय सट्टेबाजों ने भी जमकर खेल दिखाया। भारत सरकार ने भी सोने-चांदी पर टैक्स लगाकर उसे महंगा बना दिया। इसका नतीजा हुआ कि चांदी उन ऊंचाइयों पर चली गई जहां उसे खरीदना आम आदमी के बस का नहीं रहा। चांदी के सिक्के उपहार में देना आम परंपरा रही है, उस पर बेहद ऊंची कीमतों ने ग्रहण लगा दिया था। लेकिन बाजार की स्थितियां हमेशा समान नहीं रहतीं। इनमें उतार-चढ़ाव सामान्य-सी बात है। सोना-चांदी के दाम असामान्य तरीके से बढ़े और खूब बढ़े। लेकिन अब इसमें लगातार गिरावट देखने में आ रही है।

यहां पर यह उल्लेख करना जरूरी हो जाता है कि अप्रेल-मई महीने में देश का व्यापार संतुलन बिगड़ता रहा था क्योंकि सोने जैसी कमोडिटी का आयात बहुत बढ़ गया था। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से फिजूलखर्ची न करने तथा जरूरत न होने पर सोने की खरीदारी नहीं करने का आह्वान किया था, जिसका व्यापक असर पड़ा। अब सोने के दाम नीचे गिरने पर पीएम मोदी ने अपनी बात याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उनके आह्वान के बाद लोगों ने सोना खरीदना बंद कर दिया जिसका असर आज सस्ती दरों पर सोने की बिक्री के रूप में दिख रहा है। उस समय यानी मई में जब प्रधानमंत्री ने आह्वान किया था तब 24 कैरेट सोने की कीमत दिल्ली में 1,52,500 रुपए प्रति दस ग्राम थी लेकिन 21 नवंबर को यह गिरकर 1,25,230 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। यह गिरावट महत्वपूर्ण है क्योंकि जितनी बढ़ोतरी हुई थी कमोबेश अब उसकी कीमतें वहीं पहुंच गई हैं। सोने-चांदी के दामों में बढ़ोतरी में एक बड़ा कारण अमरीका-ईरान युद्ध व दूसरा अमरीकी अर्थव्यवस्था में उतार-चढ़ाव था। सोना संकट के समय का साथी है और यह बात पूरी दुनिया में प्रचलित है। युद्ध, प्राकृतिक आपदा, महामारी, आर्थिक संकट वगैरह में यह बहुत काम आता है क्योंकि इनके भुगतान के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं है। इसलिए जब ऐसे अवसर आते हैं, तो सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। लोग सुरक्षित भविष्य के लिए सोना खरीदते हैं।

इसके अलावा दुनियाभर के सेंट्रल बैंक अपनी आर्थिक जरूरतों के हिसाब से सोना खरीदते और बेचते रहते हैं। इनसे भी कीमतें प्रभावित होती रहती हैं क्योंकि वे बहुत ज्यादा मात्रा में बिकवाली या खरीदारी करते रहते हैं। भारत के रिजर्व बैंक ने भी चरणबद्ध तरीके से सोना खरीदा है। उधर चांदी की कीमतें इसलिए बेतहाशा बढ़ीं कि उसका औद्योगिक इस्तेमाल काफी बढ़ गया। पहले भी इसका औद्योगिक इस्तेमाल था लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों के लिए इसकी मांग काफी बढ़ गई थी। चीन जो दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा चांदी उत्पादक देश है, इसके उत्पादन पर समय-समय पर अंकुश लगाता रहता है ताकि दाम बढ़े। सोना अब लगातार गिर रहा है और यह पूछा जाने लगा है कि क्या यह एक लाख रुपए प्रति दस ग्राम तक जाएगा? एक एक्सपर्ट का कहना है कि सोने की कीमतों के बारे में कोई भविष्यवाणी नहीं की जा सकती है क्योंकि यह अंतरराष्ट्रीय ताकतों पर निर्भर करता है। अमरीका में ब्याज दरें क्या होंगी और डॉलर कितना मजबूत होगा, इस पर सोने के दाम निर्भर करेंगे। एक अन्य एनालिस्ट का कहना है कि अमरीकी फेडरल बैंक (केंद्रीय बैंक) की कड़ी मौद्रिक नीति की संभावना से सोने के दाम गिर रहे हैं। अगर अमरीका में ब्याज दरें बढ़ती हैं तो इसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ता है क्योंकि निवेशक इन बहुमूल्य धातुओं से दूर चले जाते हैं। सोने-चांदी में गिरावट का एक कारण यह भी है कि निवेशक इनके दाम आसमान में जाने के बाद मुनाफावसूली करने लगे हैं। इस साल जनवरी में सोने-चांदी के दाम काफी ऊपर थे जिससे निवेशकों ने बिकवाली की। बताया जा रहा है कि अमरीका-यूरोप में टेक्नोलॉजी शेयरों की कीमतों में गिरावट के कारण हुए आर्थिक नुकसान के कारण बहुमूल्य धातुओं में बिकवाली कर रहे हैं।

अमरीका की बहुराष्ट्रीय निवेश मैनेजमेंट कंपनी ब्लैक रॉक का आकलन है कि सोने के दाम पिछले शिखर पर जाने के बाद डॉलर की कीमतों में बढ़ोतरी और सरकारी बॉन्डों में बेहतर लाभ के कारण सोने के दाम गिरने लगे। उसका यह भी मानना है कि दीर्घकालीन परिस्थितियां अब भी सोने के पक्ष में हैं। युद्ध जैसे आपातकाल में महत्व बढ़ जाता है और इस समय ऐसी परिस्थितियां हैं। एआइ इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण भी आगे इसके दाम बढ़ सकते हैं। उधर सोलर बिजली बनाने के लिए भी चांदी की बहुत जरूरत होगी। ऐसे में दोनों बहुमूल्य धातुओं की कीमतें फिर उछल सकती हैं।

मधुरेंद्र सिन्हा,(वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार)