24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / संपादकीय: स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच बनाना होगा

संपादकीय: स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच बनाना होगा

स्वास्थ्य बीमा ने आंशिक रूप से मध्यम वर्ग के लिए भी इस पहुंच को आसान किया है लेकिन बीमा सुविधा भी बहुत कम लोगों के पास है। बीमा कंपनियों के भारी प्रीमियम को देखते हुए लोग स्वास्थ्य बीमा कराने का साहस ही नहीं जुटा पाते।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Harish Parashar

•

Updated: 24 Nov 2026, 4:41 PM IST

medical emergency

medical emergency

निरोगी काया को इंसान के लिए पहला सुख यों ही नहीं माना जाता। लेकिन नेशनल सेंपल सर्वे संगठन (एनएसएसओ) के सर्वे ने मध्यमवर्गीय परिवारों के चिकित्सा की मद में होने वाले खर्चे को लेकर जो तस्वीर पेश की है वह भयावह है। सर्वे के नतीजों को लेकर जारी किए गए आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि मेडिकल इमरजेंसी के कारण करीब 22 फीसदी परिवार गरीबी की दहलीज पर पहुंच रहे हैं। सरकारी स्तर पर कई मामलों में नि:शुल्क जांच व दवाइयों के बंदोबस्त व स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के बावजूद यह स्थिति बताती है कि लगातार महंगे होते इलाज को गरीब व मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सस्ता व सुलभ बनाने की दिशा में अभी काफी कुछ करना बाकी है।
देखा जाए तो स्वास्थ्य व शिक्षा ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर जनकल्याणकारी सरकारों को ज्यादा से ज्यादा काम करना चाहिए। लेकिन पिछले सालों में ये दोनों ही एक तरह से निजी क्षेत्रों के हवाले कर दिए गए हैं। ऐसा नहीं है कि सरकारी स्तर पर आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग को सेहतमंद रखने की दिशा में प्रयास नहीं हो रहे लेकिन ये जरूरत के अनुपात में काफी कम हैं। रही-सही कसर दवाइयों के भारी दाम व महंगी जांचों ने पूरी कर दी है। यह सच है कि बीमारी कभी कहकर नहीं होती। यह किसी को भी हो सकती है। आर्थिक रूप से सक्षम लोग तो देश से बाहर भी उपचार करा सकते हैं लेकिन निम्न व मध्यम आयवर्ग के लिए सेहत पर एक तय सीमा से ज्यादा खर्च होना घर का पूरा बजट बिगाडऩे जैसा है। महंगे अस्पतालों तक पहुंच एक छोटे वर्ग की ही है। स्वास्थ्य बीमा ने आंशिक रूप से मध्यम वर्ग के लिए भी इस पहुंच को आसान किया है लेकिन बीमा सुविधा भी बहुत कम लोगों के पास है। बीमा कंपनियों के भारी प्रीमियम को देखते हुए लोग स्वास्थ्य बीमा कराने का साहस ही नहीं जुटा पाते।

बुजुर्गों के लिए तो खुद बीमा कंपनियां इंश्योरेंस करने से या तो कतराती है या फिर भारी प्रीमियम लेती हैं। सरकारी और निजी दोनों ही स्वास्थ्य बीमा में उपचार में होने वाले खर्च का पुनर्भरण पूरा हो ही नहीं पाता। परिवार के एक भी सदस्य के गंभीर व लंबी बीमारी के चपेट में आने पर दवा, जांच तथा अस्पताल में भर्ती रहने पर खर्च की मार इतनी भारी पड़ जाती है कि अंतत: परिवार कर्ज के बोझ में डूब जाता है।पिछले सालों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं, लेकिन मेडिकल पर होने वाला खर्च वापस ऐसे लोगों को गरीबी रेखा से नीचे ला दे तो अचरज नहीं होना चाहिए। आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को छोड़कर सरकार को मध्यम व निम्नवर्गीय परिवारों की सेहत पर होने वाले खर्च को खुद वहन करना होगा। स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मजबूत करते हुए योजनाएं भी ऐसी ही बनानी होगी, जिसमें दवा व जांच पर होने वाला खर्च लोगों की पहुंच में हो। खासतौर से बुजुर्गों के लिए।