
ncc
भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। किसी भी राष्ट्र का भविष्य इस बात से तय होता है कि वह अपनी युवा पीढ़ी को कितना शिक्षित, अनुशासित, कुशल और जिम्मेदार बनाता है। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इसी दिशा में कार्य करने वाला देश का एक महत्वपूर्ण संगठन है। इसकी पहचान केवल वर्दी, परेड और सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। एनसीसी का वास्तविक महत्व ऐसे युवाओं के निर्माण में है, जिनमें अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव हो। एनसीसी के स्थापना दिवस पर इसकी उपलब्धियों के साथ-साथ बदलते समय में इसकी भूमिका और भविष्य की दिशा पर विचार करना भी आवश्यक है।
एनसीसी की स्थापना का मूल उद्देश्य युवाओं में चरित्र, साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा है। प्रशिक्षण शिविर, परेड, साहसिक गतिविधियां, सामाजिक सेवा, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान, आपदा राहत और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से कैडेट्स को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का अनुभव कराया जाता है। अब आवश्यकता है कि एनसीसी अपनी गतिविधियों के विस्तार के साथ प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उसके परिणामों पर भी विशेष ध्यान दे।आज एनसीसी के सामने सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह नहीं होना चाहिए कि कितने कैडेट्स संगठन से जुड़े हैं, बल्कि यह होना चाहिए कि उनमें से कितने युवा वास्तव में प्रशिक्षित, कुशल और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार हो रहे हैं। आज राष्ट्रीय सुरक्षा का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक व्यापक हो गया है। सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, सामाजिक सद्भाव, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसी चुनौतियां भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में एनसीसी के प्रशिक्षण में पारंपरिक गतिविधियों के साथ आधुनिक आवश्यकताओं को स्थान देना होगा। कैडेट्स को साइबर जागरूकता, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, डिजिटल साक्षरता और सामुदायिक नेतृत्व के व्यावहारिक प्रशिक्षण को और बढ़ावा दिया जाना चाहिए। एनसीसी के अनुशासन एवं नेतृत्व प्रशिक्षण, एनएसएस की सामाजिक सेवा और स्काउट-गाइड की सामुदायिक सहभागिता तथा जीवनोपयोगी कौशलों को एक साझा मंच पर लाया जा सकता है। इस प्रक्रिया में प्रत्येक संगठन की विशिष्ट कार्यशैली और उपयोगी अनुभवों का संरक्षण भी आवश्यक होगा। आज की नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी, तकनीक के साथ पली-बढ़ी है। उसकी ऊर्जा, रचनात्मकता और विचारों को समझते हुए एनसीसी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक व्यावहारिक और समयानुकूल बनाना होगा।
युवाओं को केवल निर्देशों का पालन करना ही नहीं, बल्कि समस्याओं को समझने, समाधान खोजने और नेतृत्व करने के अवसर भी मिलने चाहिए। महिला कैडेट्स की भागीदारी और नेतृत्व को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। सेना, एनसीसी मुख्यालय, शिक्षण संस्थानों और राज्य प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाई जा सकती है। विकसित भारतञ्च2047 केवल आर्थिक प्रगति या आधारभूत संरचना के विस्तार का लक्ष्य नहीं है। यह ऐसे समाज और राष्ट्र के निर्माण का संकल्प है, जहां नागरिक जागरूक, अनुशासित, संवेदनशील और अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध हों। एनसीसी को अब परेड और औपचारिक गतिविधियों से आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण की एक व्यापक पाठशाला के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। इसका लक्ष्य ऐसे युवा तैयार करना होना चाहिए, जो अनुशासन के साथ आधुनिक तकनीक में दक्ष हों, जिनमें नेतृत्व क्षमता के साथ सामाजिक संवेदनशीलता हो।
डॉ. राजेश कुमार शर्मा, (ऑफिसर-इन-चार्ज, एनसीसी, राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.




