24 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / कार्तिक पूर्णिमा में झलकती सांस्कृतिक एकात्मकता

कार्तिक पूर्णिमा में झलकती सांस्कृतिक एकात्मकता

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक महाबलशाली असुर का संहार कर देवताओं को अभय प्रदान किया था, जिसके कारण इसे 'त्रिपुरारी पूर्णिमा' भी कहा जाता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

Updated: 24 Nov 2026, 5:00 PM IST

purnima

purnima

भारतीय संस्कृति सिर्फ कैलेंडर की तिथियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि यह प्रकृति, अध्यात्म और सामाजिक सरोकारों के अद्भुत समन्वय की जीवंत गाथा है। हमारे पर्व-त्योहार ऋतुओं के संधिकाल में मनुष्य को प्रकृति के निकट लाने और आत्म-शुद्धि का अवसर प्रदान करने का माध्यम बनते हैं।हिंदी पंचांग के आठवें महीने 'कार्तिक' की पूर्णिमा एक ऐसा ही पावन महापर्व है, जो उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक समूचे भारत को एक सांस्कृतिक सूत्र में पिरोता है। यह तिथि केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोक कला, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, व्यापार, पर्यटन और सर्वधर्म समभाव का राष्ट्रीय उत्सव है। आध्यात्मिक चेतना और कार्तिक स्नान की परंपरा भारतीय परंपरा में कार्तिक मास को अत्यंत पवित्र और पुण्यदायी माना गया है। स्कंद पुराण और पद्म पुराण जैसे प्राचीन ग्रंथों में कार्तिक स्नान और दीपदान की महिमा का विस्तार से वर्णन मिलता है। शरद ऋतु के आगमन के साथ जब आकाश स्वच्छ होता है और नदियों का जल निर्मल हो जाता है, तब ब्रह्म मुहूर्त में पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। यह स्नान केवल बाहरी तन की शुद्धि का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह आलस्य को त्याग कर प्रकृति की सुबह के साथ कदमताल करने और मन के विकारों को धोने का संकल्प भी है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक महाबलशाली असुर का संहार कर देवताओं को अभय प्रदान किया था, जिसके कारण इसे 'त्रिपुरारी पूर्णिमा' भी कहा जाता है। इसी उल्लास में देवताओं ने काशी के घाटों पर दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया था।

आज भी वाराणसी के अर्धचंद्राकार घाटों पर मनाई जाने वाली 'देव दीपावली' का भव्य दृश्य समूचे विश्व को चकित कर देता है। यह दृश्य भारत की आध्यात्मिक भव्यता और सामुदायिक भागीदारी का जीवंत उदाहरण है। भारत की आत्मा उसके गांवों और लोक मेलों में बसती है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों में लगने वाले पारंपरिक मेले हमारी लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के संवाहक हैं। इन मेलों में तीर्थराज पुष्कर का अंतरराष्ट्रीय पशु और सांस्कृतिक मेला अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। संक्षेप में कहें तो कार्तिक पूर्णिमा भारत की बहुरंगी संस्कृति का वह दर्पण है, जिसमें अध्यात्म की गहराई, लोक कलाओं की जीवंतता, गुरु नानक देव जी की वाणी का प्रकाश और सामाजिक समरसता की सुगंध एक साथ दिखाई देती है। यह पर्व हमें याद दिलाता है कि इस देश की असली ताकत हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत है। जरूरत इस बात की है कि हम इन पारंपरिक उत्सवों की मूल आत्मा को समझें, अपने जल स्रोतों और लोक कलाओं का संरक्षण करें।

श्यामसुंदर जोशी,(कला-संस्कृति एवं पर्यटन विषय विश्लेषक)