25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Opinion / शांति की मेज तो सजी, लेकिन यूरोप को जगह नहीं मिली

शांति की मेज तो सजी, लेकिन यूरोप को जगह नहीं मिली

13 नवंबर को डबलिन में यूरोपीय संघ ने वार्ता के लिए एक दल नियुक्त किया है, जिसमें पांच देश फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड व ब्रिटेन शामिल हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Opinion Desk

•

image

राल्फ बिलस्टीन,

•

Updated: 25 Nov 2026, 4:28 PM IST

europe

europe

फरवरी में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के दौरान चीन के विदेश मंत्री ने कहा था कि यूरोप का स्थान बातचीत की मेज पर है, मेन्यू में नहीं। 19 नवंबर को चीन ने ही वह मेज सजाई। शेनझेन में डॉनल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन ८० से ९० मिनट मिले और शांति पर चार-सूत्री घोषणापत्र अपनाया। पुतिन के चाहने के बावजूद यूक्रेन युद्ध का जिक्र नहीं हुआ। फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के अनुसार, शुरुआती मसौदे में यूक्रेन पर एक अनुच्छेद था, जिसे अमरीकियों ने शब्दावली पसंद न आने के कारण हटवा दिया। यदि यह सच है, तो चुप्पी की जिम्मेदारी केवल बीजिंग की नहीं है। अंतत: तैयार घोषणापत्र में यूक्रेन या फारस की खाड़ी के युद्धों का कोई उल्लेख नहीं था। उसी दिन, 'कोएलिशन ऑफ द विलिंग' (इच्छुक देशों का गठबंधन) के लगभग 40 प्रतिनिधिमंडल अपनी 17वीं बैठक के लिए बर्लिन में जुटे। एक दिन पहले यूरोपीय आयोग ने 2027 में यूक्रेन के लिए 45 अरब यूरो तक की सहायता का प्रस्ताव रखा था। बर्लिन में समूह ने दोहराया कि युद्धविराम के बाद यूक्रेन को कानूनी रूप से बाध्यकारी सुरक्षा गारंटी मिलनी चाहिए, जिसमें यूरोपीय नेतृत्व वाला बहुराष्ट्रीय सैन्यबल भी शामिल हो सकता है। गठबंधन समझौते की लागत उठाने और निगरानी करने की पेशकश कर चुका था।

शेनझेन के पास शक्ति थी, पर ठोस परिणाम नहीं, बर्लिन के पास योजनाएं थीं, पर मेज पर जगह नहीं। 'वाशिंगटन पोस्ट' के अनुसार, ट्रंप के विशेष दूत जेरेड कुशनर ने पूर्व नाटो-रूस परिषद की तर्ज पर यूरोपीय सुरक्षा ढांचे का विचार रखा था और 'एक्सियोस' के मुताबिक अमरीका ने मॉस्को से इस पर प्रस्ताव मांगा था। बर्लिन में कुशनर ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन के लिए नाटो के अनुच्छेद-5 जैसी परस्पर सहायता गारंटी स्वीकार करने पर रूसियों को राजी कर लिया है। पर एक ही दिन में रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई रयाबकोव ने नाटो में यूक्रेन की अर्ध-सदस्यता खारिज कर दी और एक हफ्ता पहले पुतिन यूक्रेन में विदेशी सैनिकों को वैध निशाना बता चुके थे।

पुतिन ने अब यूरोपीय प्रतिनिधियों को वार्ता के प्रस्तावित मसौदे के साथ मॉस्को बुलाया है व कहा है कि तभी रूस आगे की बातचीत का प्रारूप तय करेगा। चीन खुद को तटस्थ व यूरोपीय भागीदारी का समर्थक बताता है, पर रूस को उसके युद्ध के लिए चीनी अर्थव्यवस्था से अपरिहार्य सहारा मिल रहा है। 2021- 2023 के बीच रूस के दोहरे उपयोग वाले सामानों के आयात में चीन की हिस्सेदारी लगभग 30 से बढ़कर 66 प्रतिशत हो गई। बीजिंग दृढ़ता से कहता है कि उसने घातक हथियार नहीं दिए और दोहरे उपयोग के निर्यात पर कड़ा नियंत्रण रखता है। दोनों बातें सच हो सकती हैं, फिर भी माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और ड्रोन के पुर्जे रूस पहुंचते रहे हैं। यूरोप रूसी युद्ध मशीनरी को आपूर्ति करने वाले चीनी कारोबारियों पर प्रतिबंध लगा चुका था, जिस पर चीन ने पलटवार किया। चीन के साथ यूरोपीय संघ का व्यापार घाटा लगभग 360 अरब यूरो का है, जिससे उसके पलटवार की स्वाभाविक सीमाएं हैं। समग्र रूप से इस मुद्दे पर यूरोप का रुख सबसे सुसंगत है, भले ही वह सबसे अधिक एकजुट न हो- यूरोप के निर्णयकर्ताओं को दरकिनार कर कोई व्यवस्था नहीं और यूक्रेन के बिना उस पर कोई समझौता नहीं। 13 नवंबर को डबलिन में यूरोपीय संघ ने वार्ता के लिए एक दल नियुक्त किया है, जिसमें पांच देश फ्रांस, जर्मनी, इटली, पोलैंड व ब्रिटेन शामिल हैं। शायद यूरोप को रूस के निमंत्रण का जवाब अपने निमंत्रण से देना चाहिए- बर्लिन में बैठक करके, जिसमें यूक्रेन भी मेज पर हो व रूस से पूछा जाए कि शांतिपूर्ण समाधान कैसा हो सकता है तथा वह किन समझौतों पर तैयार है। मॉस्को इसे बिना नुकसान अनदेखा कर सकता है- और करेगा भी।
समझौता चाहने का दावा करने वाला वाशिंगटन देख सकेगा कि यूक्रेन के साथ बैठने से किसने इनकार किया और युद्ध की कीमत चुका रहा यूरोप उस इनकार को रिकॉर्ड में दर्ज करा सकेगा। यह ऐसा राजनीतिक मंचन है जो उन दर्शकों के सामने हो रहा है, जिनके पास वह प्रभाव है जो यूरोप के पास नहीं है। (राल्फ बिलस्टीन सबस्टैक प्रकाशन 'कॉन्टिनेंटल ड्रिफ्ट' के लेखक हैं। इनके पास वित्तीय क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव है)

राल्फ बिलस्टीन,(अर्थशास्त्री एवंसीएफए चार्टर होल्डर)