ओपिनियन

संविधान: विकसित भारत के संकल्प का मार्गदर्शक

संविधान का प्रत्येक नागरिक के जीवन में अलग-अलग महत्व है, लेकिन यह विविधताओं से भरे हमारे राष्ट्र को समान गरिमा और अवसर के साझा संकल्प के साथ एक सूत्र में बांधता है। इसके मूल्य सभी के लिए समान हैं, जबकि उनकी वास्तविक परिणति हमारे नागरिकों की विविध परिस्थितियों के अनुरूप होनी चाहिए।
6 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 4:09 PM IST
constitution


अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री, भारत सरकार

संविधान सभा द्वारा भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की 77वीं वर्षगांठ हम सभी भारतवासियों के लिए गर्व के साथ आत्मचिंतन करने और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढऩे का एक अप्रतिम अवसर है। यह अवसर हमें स्मरण कराता है कि हमारा संविधान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संविधान सभा की सामूहिक दूरदर्शिता की देन है। यह हमारी हजारों वर्ष पुरानी सभ्यतागत विरासत में गहरे रचे-बसे भारतीय विचारों की सर्वाधिक आधुनिक अभिव्यक्ति है। यह हमारे पूर्वजों द्वारा हमें सौंपी गई अमूल्य धरोहर है, जो एक प्रकाश पुंज की भांति निरंतर हमारा मार्गदर्शन करती है, किंतु इससे भी बढक़र, यह हमारी सामूहिक चेतना को यह दायित्व सौंपती है कि हमारे विचार, आचरण और कार्य संविधान की मूल भावना के अनुरूप हों।
संविधान दिवस मनाने की परिकल्पना भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. बी.आर. आंबेडकर की 125वीं जयंती के स्मरणोत्सव के दौरान की गई थी। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 19 नवंबर 2015 को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 26 नवंबर का दिन संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। संविधान का प्रत्येक नागरिक के जीवन में अलग-अलग महत्व है, लेकिन यह विविधताओं से भरे हमारे राष्ट्र को समान गरिमा और अवसर के साझा संकल्प के साथ एक सूत्र में बांधता है। इसके मूल्य सभी के लिए समान हैं, जबकि उनकी वास्तविक परिणति हमारे नागरिकों की विविध परिस्थितियों के अनुरूप होनी चाहिए। एक किसान के लिए संविधान का संकल्प सम्मानजनक आजीविका में प्रतिबिंबित होता है, एक युवा महिला के लिए शिक्षा प्राप्त करने, कार्य करने और नेतृत्व करने की स्वतंत्रता में, एक उद्यमी के लिए निष्पक्ष नियमों और व्यवस्थाओं के प्रति विश्वास में और न्याय की अपेक्षा रखने वाले नागरिक के लिए निष्पक्ष एवं न्यायसंगत सुनवाई के आश्वासन में इसकी सार्थकता निहित है।
25 नवंबर 1949 को संविधान सभा में अपने ऐतिहासिक समापन भाषण में बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने ‘एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’ के सिद्धांत को हमारे लोकतंत्र का मूलभूत आधार बताया था। सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार के माध्यम से राजनीतिक समानता प्राप्त होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, किंतु साथ ही उन्होंने भारतीय समाज की विविधता में विद्यमान सामाजिक एवं आर्थिक असमानताओं के कारण उत्पन्न होने वाले विरोधाभास के प्रति देश को आगाह भी किया। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि भविष्य की सरकारों का दायित्व इन असमानताओं को दूर करना होगा। उनका स्पष्ट आह्वान था, ‘हमें इस विरोधाभास को यथाशीघ्र समाप्त करना होगा।’
स्वतंत्रता के सात दशकों से अधिक की यात्रा में भारत ने इन असमानताओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सैकड़ों जनकल्याणकारी पहलों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से देश बाबासाहेब के संवैधानिक दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रति व्यक्ति आय में हुई वृद्धि इस परिवर्तन का एक महत्वपूर्ण संकेतक है। वित्त वर्ष 2013-14 में 79,118 रुपए रही प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2025-26 में बढक़र लगभग 2.085 लाख रुपए हो गई है। यद्यपि केवल आय में वृद्धि असमानता के जटिल और बहुआयामी स्वरूप को पूरी तरह व्यक्त नहीं कर सकती, तथापि वित्तीय समावेशन, खाद्य सुरक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं, आवास, स्वच्छता, शिक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए प्रयास सामाजिक एवं आर्थिक समानता के बीच की दूरी को कम करने की व्यापक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट ‘इंडिया: पावर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ- अक्टूबर 2026’ के अनुसार लगभग 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं, जो इस अवधि में आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण की गति और व्यापकता को रेखांकित करता है। राजनीतिक समानता की पवित्रता बनाए रखने तथा सटीक, विश्वसनीय एवं प्रामाणिक मतदाता सूचियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को अक्षुण्य रखने के उद्देश्य से यह संस्थागत सिद्धांत विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआइआर) की प्रक्रिया में परिलक्षित होता है। यह प्रक्रिया सुनिश्चित करती है कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा हो तथा दोहरी या अपात्र प्रविष्टियों के कारण वास्तविक जनादेश प्रभावित न हो।
विडंबना यह है कि जो लोग केवल राजनीतिक लाभ के लिए संविधान की प्रतियां लहराते हैं, उन्हें अपने उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड व गिरेबान में झांककर उत्तर देना चाहिए, जो संवैधानिक आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। संविधान के शुरुआती 106 संशोधनों में से 75 संशोधन कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल में किए गए। किंतु संवैधानिक प्रतिबद्धता की वास्तविक कसौटी केवल संशोधनों की संख्या नहीं, बल्कि उनके उद्देश्य और परिणाम हैं। पहला संविधान संशोधन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाने के लिए किया गया था, जबकि 24वां संविधान संशोधन गोलकनाथ मामले में उच्चतम न्यायालय के निर्णय के प्रत्युत्तर में लाया गया, जिसके माध्यम से मौलिक अधिकारों में संशोधन करने की संसद की शक्ति को स्पष्ट रूप से स्थापित किया गया। भारत के लोकतांत्रिक ताने-बाने पर सबसे गंभीर आघात आपातकाल के दौरान हुआ, जब विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई और नागरिकों की स्वतंत्रता को सीमित कर दिया गया। इसके पश्चात 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से संसद की संविधान संशोधन करने की शक्ति को असीमित बनाने तथा संवैधानिक संशोधनों को न्यायिक समीक्षा से परे रखने का प्रयास किया गया। इसने राजनीतिक सत्ता के अधीन संवैधानिक सुरक्षा उपायों को रखने के खतरों को और उजागर किया। इन घटनाओं ने भारत के लोकतांत्रिक इतिहास पर एक अमिट धब्बा छोड़ा है।
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में किए गए संविधान संशोधनों ने ठोस उपायों के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक समानता के आदर्शों को आगे बढ़ाया है। 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा प्रदान किया गया। 103वें संविधान संशोधन द्वारा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के मौजूदा आरक्षण श्रेणियों से बाहर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत तक आरक्षण का प्रावधान किया गया। 105वें संविधान संशोधन ने राज्यों को अपने उद्देश्यों के लिए सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों की पहचान करने का अधिकार पुन: प्रदान किया। इसी क्रम में 106वां संविधान संशोधन, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, विधायिकाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व के लिए संवैधानिक आधार प्रदान करता है। यह संविधान सभा की उन 15 महिला सदस्यों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनके अमूल्य योगदान ने हमारे गणराज्य की नींव को मजबूत बनाया। साथ ही, यह विकसित भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर भी है।
इन उपायों की प्रकृति और उद्देश्य संविधान की अंतर्निहित भावना के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अवसरों का विस्तार करके, प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाकर और सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाकर मोदी सरकार ने संवैधानिक प्रतिबद्धता को ठोस कार्यों में परिणत किया है। संविधान के प्रति सम्मान का अर्थ लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक प्रक्रियाओं और जनता के जनादेश के प्रति सम्मान भी है। इन प्रक्रियाओं को कमजोर करके ‘सत्ता परिवर्तन’ के उद्देश्य से अराजकता को बढ़ावा देने का कोई भी प्रयास उसी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करता है, जिसकी रक्षा करने का दावा विपक्ष करता है। 25 नवंबर, 1949 को अपने ऐतिहासिक भाषण में डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने ऐसी असंवैधानिक पद्धतियों को स्पष्ट रूप से ‘अराजकता का व्याकरण’ कहा था। उन्होंने कहा था कि ‘जब संवैधानिक तरीके उपलब्ध हों, तब इन असंवैधानिक तरीकों को अपनाने का कोई औचित्य नहीं हो सकता।’ इसी संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी का हालिया राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जन-जागरूकता फैलाने तथा उस विरोधाभासी रुख और संवैधानिक मूल्यों के प्रति डगमगाती प्रतिबद्धता को उजागर करने का प्रयास है, जिसे पार्टी विपक्ष के आचरण में देखती है।
कठोरता और लचीलेपन के अद्भुत समन्वय के रूप में हमारा संविधान एक ओर निरंतरता सुनिश्चित करता है, तो दूसरी ओर समयानुकूल सुधारों की क्षमता भी प्रदान करता है। यही विशेषता प्रत्येक पीढ़ी को संविधान की बुनियाद का सम्मान करते हुए नई चुनौतियों का समाधान खोजने में सक्षम बनाती है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के सहयोगात्मक एवं समन्वित प्रयास इस राष्ट्रीय संकल्प की पूर्ति की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। नीति आयोग के माध्यम से ‘टीम इंडिया’ की भावना तथा सहकारी एवं प्रतिस्पर्धात्मक संघवाद केंद्र, राज्यों और स्थानीय निकायों को अपनी-अपनी क्षमताओं एवं सामथ्र्य के साथ साझा राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति में सहभागी बना रहे हैं। इसी संदर्भ में बीते एक दशक की जनकल्याणकारी, विकासात्मक एवं सुशासन संबंधी पहलें बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की संवैधानिक परिकल्पना को नागरिकों के जीवन की वास्तविकता में परिवर्तित कर रही हैं। इस संवैधानिक भावना के धरातल पर उतरने का एक उल्लेखनीय प्रमाण यह है कि पिछले 47 वर्षों में पहली बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने लगातार 12 महीनों के दौरान किसी भी अभियान में एक भी जवान की जान नहीं गंवाई है। यह उपलब्धि शांति और सुरक्षा के एक नए युग का संकेत देती है, जो समावेशी विकास, साझा आकांक्षाओं की पूर्ति तथा नक्सल-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।
संवैधानिक व्यवस्था में अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हमारा संविधान जहां प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करता है, वहीं अपने दैनिक आचरण में संवैधानिक मूल्यों का पालन करने और उनकी रक्षा करने के दायित्व का भी स्मरण कराता है। हमें कर्तव्यों के प्रति उदासीनता की भावना को दूर कर अनुशासन, जनभागीदारी और राष्ट्रीय उत्तरदायित्व की संस्कृति को और सशक्त बनाना होगा। संवैधानिक आदर्श केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहने चाहिए बल्कि हमारे कार्यों, संस्थाओं और राष्ट्र निर्माण के सामूहिक प्रयासों का मार्गदर्शन करने चाहिए। आज संपूर्ण राष्ट्र प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में हमारा संविधान एक शाश्वत मार्गदर्शक के रूप में हमें निरंतर सही दिशा प्रदान करता है।
आज के दिन संविधान दिवस के परम पावन अवसर पर आइए, हम अपने व्यक्तिगत जीवन के कार्यों और अनुभवों के माध्यम से संविधान में निहित संकल्पों एवं आदर्शों को साकार करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुन: दोहराएं। अंतत: विकसित भारत की गौरवगाथा प्रत्येक नागरिक के योगदान से लिखी जाने वाली एक सामूहिक कहानी होगी, जहां हम, भारत के लोग एकजुट होकर ‘इंडिया, अर्थात् भारत के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे।

Updated on:
25 Nov 2026, 4:09 PM IST
Published on: