पाठकों ने इस विषय पर विविध प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। प्रस्तुत हैं उनकी कुछ चुनिंदा प्रतिक्रियाएं...
कला प्रदर्शनियों को बढ़ावा देने के लिए सोशल मीडिया पर प्रचार को जोर-शोर से करना चाहिए और सामुदायिक केंद्रों में प्रदर्शनी लगाई जानी चाहिए। कलाकारों के साथ संवाद का मंच दिया जाना आवश्यक है, जिससे उन्हें भी मान्यता और उत्साह मिले। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना चाहिए। मासिक प्रदर्शनियों की तारीख तय करने से कलाकारों में अपनी कला दिखाने का उत्साह बना रहेगा। - निर्मला वशिष्ठ, राजगढ़ (अलवर)
कला प्रदर्शनियों को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक पोस्टर, डिजिटल निमंत्रण, सोशल मीडिया अभियान और स्थानीय समाचार माध्यमों में विज्ञापन जरूरी हैं। स्कूलों और सांस्कृतिक संस्थानों के सहयोग से दर्शकों को आमंत्रित किया जा सकता है। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथियों और कला समीक्षकों की उपस्थिति प्रदर्शनियों को जीवंत बनाती है। कार्यशालाएं और प्रतियोगिताएं आयोजित कर दर्शकों की सहभागिता बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है। - मुरारी मिश्र, सूरत
कलाकारों को अपनी कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए मुफ्त या मामूली शुल्क वाले स्थान उपलब्ध कराना चाहिए। साथ ही, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार और अंतर्राज्यीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए। ऐसे कदम कलाकारों की मान्यता बढ़ाते हैं और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। - वर्षा वसंत बापट, भोपाल
कला केवल रंग और आकृतियों का मेल नहीं, बल्कि भावनाओं की अभिव्यक्ति है। स्थानीय और उभरते कलाकारों को अवसर देना, स्कूल और कॉलेज स्तर पर प्रदर्शनियां आयोजित करना, डिजिटल प्रचार और सरकारी सहयोग से आर्थिक सहायता देना आवश्यक है। थीम आधारित प्रदर्शनियां समाज और संस्कृति से जुड़ी होती हैं, जो दर्शकों को आकर्षित करती हैं। कला को महत्व देने से कलाकारों के सपने और हमारी सांस्कृतिक विरासत दोनों जीवित रहते हैं। - डॉ. दीपिका झंवर, जयपुर
कला प्रदर्शनियों को बढ़ावा देने के लिए योजनाबद्ध और रचनात्मक प्रयास आवश्यक हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रचार करना चाहिए। पर्यावरण, लोक कला और आधुनिक कला जैसी थीम आधारित प्रदर्शनियां आयोजित करना, सार्वजनिक स्थानों पर पोर्टेबल प्रदर्शनी लगाना और स्कूलों में प्रतियोगिताएं कराना युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है। - मोदिता सनाढ्य, उदयपुर
कला प्रदर्शनियों को बढ़ावा देने में तकनीक, सामुदायिक भागीदारी और सरकारी सहयोग महत्वपूर्ण हैं। वर्चुअल टूर, सोशल मीडिया अभियान, कार्यशालाएं और सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शनी आम जनता तक कला पहुंचाने में मदद करते हैं। स्कूली बच्चों का भ्रमण और कलाकारों को आर्थिक सहायता देने से यह रचनात्मक संस्कृति और सोच को समाज में प्रोत्साहित करती है। - डॉ. महिपाल सिंह खंगारोत, टोंक
आज मोबाइल और इंटरनेट की व्यस्तता के कारण कला प्रदर्शनी में रुचि कम हो रही है। स्थानीय लोककला उत्सव, सोशल मीडिया प्रचार, पैनल चर्चाएं और कार्यशालाएं कलाकार और दर्शक दोनों के लिए जुड़ाव बढ़ाती हैं। इस प्रकार पारंपरिक कलाओं का संरक्षण और आम जनता की रुचि बढ़ाना संभव होता है। - डॉ. प्रेमराज मीना, करौली
कला प्रदर्शनियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार, समाज, बाजार और कलाकारों की साझेदारी आवश्यक है। राजस्थान की मांडना, फड़ चित्रकला और कठपुतली कला जैसी परंपराएं विलुप्त होने के कगार पर हैं। इन्हें प्रदर्शनी के साथ-साथ बिक्री और बाजार से जोड़ना चाहिए। टीवी, रेडियो और अखबार में कला को स्थान देने से आम जनता में रुचि बढ़ती है और कलाकारों को स्थायी पहचान मिलती है। - शंकर गिरि, रावतसर