Teqball World Championship 2024: भारतीय टेकबॉल खिलाड़ी डेक्लान गोंसाल्वेस और अनस बेग की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक जीता।
Teqball World Championship 2024: वियतनाम में टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2024 में भारत के अनस बेग और डेक्लान गोंसाल्वेस की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग में इतिहास रच दिया है। टूर्नामेंट में इस जोड़ी ने भारत को पहला पदक दिलाया है।
भारतीय टेकबॉल खिलाड़ी डेक्लान गोंसाल्वेस और अनस बेग की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग में कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी को यह उल्लेखनीय उपलब्धि सेमीफाइनल में थाईलैंड से हार के बाद आई है। टेकबॉल विश्व चैंपियनशिप 2024 में 95 देशों के कुल 221 प्रतिभागियों ने 5 अलग-अलग कैटेगरी में हिस्सा लिया।
टेकबॉल एक बॉल स्पोर्ट है। यह एक घुमावदार टेबल पर खेला जाता है। खिलाड़ी हाथों और बाहों को छोड़कर शरीर के किसी भी हिस्से से फुटबॉल को हिट करते हैं। टेकबॉल को दो खिलाड़ियों के बीच एकल रूप में या चार खिलाड़ियों के बीच युगल खेल के तौर पर खेला जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय टेकबॉल महासंघ (FITEQ) की ओर से इस खेल का प्रतिनिधित्व किया जाता है। विश्व स्तरीय फुटबॉल खिलाड़ी भी इसकी ओर आकर्षित हुए हैं।
2021 एशियाई बीच खेलों और 2023 यूरोपीय खेलों के कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद यह खेल अब ओलंपिक में शामिल होने के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। टेकबॉल का आविष्कार 2014 में हंगरी में तीन फुटबॉल प्रेमियों द्वारा किया गया था।