पाली

Rajasthan News: थ्रेसर में फंसा गमछा, दम घुटने से युवक की मौत, शादी के लिए आया था घर, पूरे गांव में शोक

Pali News: राजस्थान में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। खेत में फसल निकालते समय गले में बंधा गमछा थ्रेसर में फंसने से 24 वर्षीय युवक रमेश की दर्दनाक मौत हो गई।
less than 1 minute read
Feb 24, 2026
thresher accident death pali
मृतक रमेश, फाइल फोटो- पत्रिका

Pali News: पाली/गिरादड़ा। सदर थाना क्षेत्र के गिरादड़ा गांव में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। खेत में फसल निकालते समय गले में बंधा गमछा थ्रेसर में फंसने से 24 वर्षीय युवक रमेश पुत्र जोगाराम नाई की दम घुटने से मौत हो गई।

चने की फसल निकाली जा रही थी

जानकारी के अनुसार रमेश अपने पिता और भाई के साथ जवड़िया गांव के एक खेत में चने की फसल निकाल रहा था। तभी अचानक उसका गमछा मशीन की चपेट में आ गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत थ्रेसर बंद कर गमछा काटकर उसे बांगड़ अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तीन महीने पहले ही हुई थी शादी

इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। मृतक रमेश की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। वह दूसरे राज्य में नौकरी करता था और शादी के लिए ही घर आया था।

खुशियां अभी घर से विदा भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने परिवार की उम्मीदें तोड़ दीं। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया गया।

ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी

गांव में युवक के अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद गमगीन हो गया। जैसे ही शव घर पहुंचा, हर आंख नम हो गई। परिजन बदहवास नजर आए। शादी के महज तीन माह बाद युवक की असमय मौत ने पूरे गांव को रुला दिया।

जिस घर में हाल ही में खुशियों की शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था, यह हर किसी का दिल तोड़ रहा था। ग्रामीणों ने नम आंखों से रमेश को अंतिम विदाई दी और परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश की।

Updated on:
24 Feb 2026 11:43 am
Published on:
24 Feb 2026 11:41 am