पाली

राजस्थान: ओम बन्ना के दर्शन से लौट रहे 2 भाइयों की दर्दनाक मौत, भीषण कार हादसे में गई जान

Pali Accident: सदर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
2 min read
Apr 13, 2026
pali road accident
हादसे में चकनाचूर कार. Photo- Patrika

Pali Accident: पाली। सदर थाना क्षेत्र के मंडिया बाइपास पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पार करते हुए दो अन्य वाहनों से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए। एएसआई भंवरसिंह वाडिया ने बताया कि कार में सवार सभी युवक पाली में ओम बन्ना के दर्शन करने आए थे और लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।

यह वीडियो भी देखें

पणिहारी चौराहे से गुजरते हुए मंडिया बाइपास पर कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां उसकी भिड़ंत जोधपुर से गुजरात जा रही इनोवा और एक अन्य वाहन से हो गई।

मृतक मानवेंद्र ​सिंह और लोकेन्द्र सिंह।

एयरबैग खुलने से चालक की जान बची

एसयूवी में लगे एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई और वह मौके से चला गया। वहीं स्विफ्ट में फंसे पांच युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया।

यहां चिकित्सकों ने जैसलमेर के जसंवतपुरा (साकदड़ा) निवासी मानवेंद्र सिंह (20) पुत्र जगपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालोतरा के कोरणा (मंडली) निवासी लोकेंद्र सिंह (20) पुत्र हुकम सिंह को जोधपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

घटना में जोधपुर के सांगरिया फाटा निवासी पवन (19) पुत्र अम्बालाल का जोधपुर में उपचार जारी है, जबकि भोपाल सिंह और महावीर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार कार भोपाल सिंह चला रहा था। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मानवेंद्र और लोकेंद्र रिश्ते में चचेरे भाई थे। परिजनों के अनुसार मानवेंद्र, लोकेंद्र की बुआ का बेटा था। दोनों ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे थे और उनके पिता किसान हैं। मानवेंद्र का बड़ा भाई हितेंद्र दिव्यांग है और पढ़ाई कर रहा है, जबकि लोकेंद्र का बड़ा भाई नरेंद्र भी शिक्षा ग्रहण कर रहा है। हादसे के बाद परिवार में गहरा शोक है।

Updated on:
13 Apr 2026 06:19 pm
Published on:
13 Apr 2026 06:14 pm