14 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान का यह मेगा हाईवे फोरलेन बने तो गांव-कस्बों के हजारों लोगों को मिले फायदा

Rajasthan Infra News: महुवा–करौली राजमार्ग अगर फोरलेन बन जाए तो विकास को नई रफ्तार मिले। यह करीब 93 KM लंबा मेगा हाईवे कैला देवी, महावीर जी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जुड़ा है। साथ ही मेहंदीपुर बालाजी धाम से नजदीक पड़ता है।
3 min read
Google source verification

दौसा

image

Santosh Trivedi

Apr 13, 2026

Rajasthan Infra News: महुवा–करौली राजमार्ग संख्या 22 की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को हिचकोले खाते हुए सफर करना पड़ रहा है, जबकि टोल वसूली लगातार जारी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि इस मेगा हाईवे को फोरलेन में बदल दिया जाए तो यह पूरे इलाके के विकास के लिए निर्णायक साबित होगा और इसका लाभ लाखों लोगों को मिलेगा।

करीब 93 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग कैला देवी और महावीर जी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से जुड़ा है। साथ ही मेहंदीपुर बालाजी धाम भी यहां से नजदीक पड़ता है, जिससे रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। महुवा, मंडावर और अलवर होते हुए यह सड़क दिल्ली से भी जुड़ती है, लेकिन बदहाल स्थिति के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

यह मार्ग राजस्थान को मंडरायल और संबलगढ़ के जरिए मध्य प्रदेश तथा धौलपुर के माध्यम से उत्तर प्रदेश से जोड़ता है। सड़क खराब होने के कारण लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। फोरलेन बनने पर यातायात सुगम होगा, समय की बचत होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

क्षेत्रवासियों का मानना है कि हाईवे के चौड़ीकरण से व्यापार, पर्यटन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। कुल मिलाकर महुवा–करौली मेगा हाईवे का फोरलेन में रूपांतरण आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा देगा। लोगों ने सरकार से मांग की है कि इस परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य शुरू किया जाए, ताकि विकास की रफ्तार तेज हो और भविष्य की पीढ़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

यातायात होगा सुरक्षित और तेज

निजी ट्रैवल्स कंपनी के संचालक जीतराम गुर्जर ने बताया कि फोरलेन हाईवे बनने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। अभी संकरी सड़क के कारण अक्सर जाम और हादसे होते हैं। चौड़ी सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही सुरक्षित तरीके से हो सकेगी। महुवा से करौली का सफर कम समय में पूरा होगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

व्यापारी विजय जैन ने बताया कि हाईवे के चौड़ाईकरण से स्थानीय व्यापार को सीधा फायदा होगा। ट्रांसपोर्ट आसान होने से कृषि उत्पाद, पत्थर, सरसों, बाजरा और अन्य स्थानीय सामान बड़े धार्मिक बाजारों तक जल्दी पहुंच सकेंगे। इसके साथ ही सड़क किनारे ढाबे, पेट्रोल पंप, गोदाम और छोटे उद्योग खुलने की संभावनाएं बढ़ेगी।

रोजगार के अवसर होंगे प्रदान

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजयशंकर बोहरा ने बताया कि फोरलेन हाईवे निर्माण से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर पैदा हों सकेंगे। निर्माण कार्य, रखरखाव, होटल, ढाबे और परिवहन सेवाओं में बड़ी संख्या में लोगों को काम मिल सकता है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच

एडवोकेट भुवनेश त्रिवेदी ने बताया कि फोरलेन सड़क बनने से बड़े शहरों में स्थित कॉलेज, कोचिंग संस्थान और अस्पतालों तक पहुंच आसान हो जाएगी। गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा, जिससे कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।

पर्यटन को मिलेगा प्रोत्साहन

मिश्री देवी ने कहा कि करौली धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। बेहतरू सड़क सुविधा से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे होटल, टैक्सी और स्थानीय व्यवसायों को लाभ होगा।

ऐतिहासिक कदम साबित हो

पूर्व जिला प्रमुख अजीत सिंह महुवा ने बताया कि कुल मिलाकर, महवा–करौली मेगा हाईवे का 4 लेन में रूपांतरण क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है, जो आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा देगा। और प्रॉपर्टी की कीमतों में बढ़ोतरी होना तय है। इससे किसानों और जमीन मालिकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

पीडब्ल्यूडी मंत्री को लिखा पत्र

विधायक राजेंद्र मीणा ने बताया कि महुवा-हिंडौन रोड के लिए केंदीय मंत्री एवं राज्य के पीडब्ल्यूडी मंत्री को चौडाईकरण एवं सड़क निर्माण के लिए पत्र लिखा है । कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा राजमार्ग को फोरलेन बनाए जाने को लेकर प्रयासरत हैं। लगातार संबंधित मंत्रियों तथा अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं । समय-समय पर उन्हें पत्र लिखकर समस्या से अवगत भी करवाया जा चुका है।