पाली

राजस्थान में तस्करी का अनोखा खेल: दूल्हे जैसी सजी SUV से 486 किलो डोडा पोस्त जब्त, पुलिस भी रह गई हैरान

पाली जिले के देसूरी नाळ में पुलिस ने तस्करी का एक अनोखा मामला पकड़ा है। बारात के लिए दूल्हे की गाड़ी की तरह सजी एक एसयूवी में 24 कट्टों में भरकर 486 किलो डोडा पोस्त ले जाया जा रहा था।
2 min read
May 12, 2026
Police seize 486 kg Doda Post from groom-decorated SUV in pali
पकड़ी गई एसयूवी। Photo- Patrika

Rajasthan Pali smuggling case: राजस्थान के पाली जिले के देसूरी नाळ में सोमवार - मंगलवार मध्य रात तस्करों का एक अनोखा तरीका सामने आया । बारात के लिए दूल्हे की गाड़ी की तरह सजी एक एसयूवी में 24 कट्टों में भरा 486 किलो डोडा पोस्त ले जाया जा रहा था । गाड़ी को इस तरह सजाया गया था कि देखने वालों को यह किसी दूल्हे की कार लगे और पुलिस को शक तक न हो । एसयूवी के ऊपर रंग - बिरंगे फूल लगाए गए थे ।

पीछे के शीशे पर दूल्हा और दुल्हन का नाम और विवाह तिथि “ 12 मई 2026 ” लिखी हुई थी। सभी शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। लेकिन यह कोई असली बारात नहीं, बल्कि डोडा पोस्त तस्करी का नया और अनोखा मामला था । देसूरी थानाधिकारी ऊर्जाराम ने बताया कि सोमवार रात करीब 3 बजे देसूरी पुलिस और डीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरिओम आश्रम के पास नाकाबंदी कर रखी थी । इसी दौरान चारभुजा की तरफ से एक एसयूवी आती हुई दिखाई दी ।

देसूरी-लांपी मार्ग पर एसयूवी छोड़ भागे आरोपी

पुलिस ने वाहन को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी और वाहन को ते स्पीड में लेकर भाग निकला । इसके बाद देसूरी पुलिस और डीएसटी टीम ने करीब 5 किलोमीटर दूर तक एसयूवी का पीछा किया। इसके बाद तस्कर खुद को घिरता देख देसूरी - लांपी सड़क मार्ग पर SUV को छोड़कर रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

मादक पदार्थ तस्करी के लिए चर्चित रहा है देसूरी नाळ

देसूरी पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 24 कट्टों में भरा 486 किलो डोडा पोस्त मिला । पुलिस ने एसयूवी और मादक पदार्थ जब्त कर लिया है । वाहन और अन्य सुरागों के आधार पर तस्करों की तलाश की जा रही है । राजसमंद-पाली बॉर्डर क्षेत्र, विशेषकर देसूरी नाळ, लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी के लिए चर्चित रहा है ।

देसूरी में पुलिस की कार्रवाही में पकड़ी गई डोडा पोस्त खेप और SUV।

यहां तस्कर लगातार नए - नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। कभी दूध टैंकर, कभी निजी वाहन, कभी बस यात्रियों के जरिए और अब शादी की गाड़ी के रूप में डोडा पोस्त की खेप ले जाने का मामला सामने आने के बाद राजस्थान पुलिस भी अलर्ट मोड पर है ।

Updated on:
12 May 2026 06:07 pm
Published on:
12 May 2026 06:00 pm