
दांतराई. घटना के बाद जांच करती पुलिस।
दांतराई। सिरोही जिले के दांतराई-अनापुर मार्ग पर जंगल के कच्चे रास्ते में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई । महिला के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही थी ।
मौके से एक संदिग्ध लोहे का हथियार भी बरामद हुआ, जिस पर खून जैसे निशान मिले । सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई । ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद देर रात तक जांच-पड़ताल जारी रही। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है।
सूचना पर डिप्टी मनोज गुप्ता और रेवदर थानाधिकारी सीआई सीताराम पंवार पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से एक संदिग्ध लोहे का हथियार मिला, जिस पर खून जैसे निशान थे।
आशंका है कि इसी हथियार से महिला पर हमला किया। वहीं आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिले। एएसपी किशोर सिंह भी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉड, एफएसएल व एमओबी टीम को जांच के लिए बुलाया ।
रविवार को मृतका की पहचान अंसी के रूप में हुई। उसके पुत्र कैलाशकुमार सरगड़ा ने रेवदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पिता सहित ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। रिपोर्ट के अनुसार मृतका अंसी उर्फ आशा उर्फ अंशा और पति दिनेश कुमार गुजरात के नडीयाद में मजदूरी करते थे।
7 मई को दोनों गांव आए थे। 9 मई को लौटते समय रामसीन में वाहन खराब होने से वे रुके थे। शाम तक रिश्तेदारों से बातचीत हुई, लेकिन बाद में दोनों के मोबाइल बंद हो गए। इसके बाद जंगल में मां का शव मिला।
कैलाशकुमार ने आरोप लगाया कि पिता दिनेश कुमार, काका शेताराम, काकी रेखादेवी और दादी मफीदेवी ने षड्यंत्रपूर्वक हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। उसने कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल रेवदर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।
Updated on:
11 May 2026 11:48 am
Published on:
11 May 2026 11:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
