
जयपुर। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। चार अप्रेल को जारी तात्कालिक चेतावनी के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, पाली, सीकर, टोंक, अलवर, जयपुर, दौसा, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, करौली सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सुरक्षा को लेकर विभाग ने कहा है कि मेघगर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। खुले स्थानों में जाने से परहेज करें और मौसम सामान्य होने का इंतजार करें। मौसम केंद्र ने स्पष्ट किया है कि यह चेतावनी अगले 2 घंटों तक प्रभावी रहेगी।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार चार अप्रेल को राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने से कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। खासकर जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर संभाग के क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ मेघगर्जन हो सकता है, जबकि जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार छह अप्रेल को जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कई क्षेत्रों में फिर से तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। सात अप्रेल को इस पश्चिमी विक्षोभ का सबसे अधिक असर रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
आठ अप्रेल को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसलों और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि बारिश और खराब मौसम से नुकसान से बचाया जा सके।