Bihar Politics: नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनके बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की संभावना जताई जा रही है। उनके इस्तीफे के बाद राज्य में नए सिरे से सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य सभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया है। बिहार में नए मुख्यमंत्री को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाए जाने को एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सम्राट चौधरी रविवार को पटना से दिल्ली जाकर अमित शाह से मुलाकात करेंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी से हो सकता है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को दिल्ली क्यों बुलाया है, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषक इसे राज्य में नई सरकार के गठन की संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं। बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में सम्राट चौधरी को नंबर दो की स्थिति में माना जाता है। राज्य का सबसे अहम माने जाने वाला गृह विभाग भी उनके पास है, जो पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास हुआ करता था। सूत्रों का कहना है कि बीजेपी शीर्ष नेतृत्व अब बिहार में संभावित सीएम पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। बीजेपी आगामी कुछ दिनों में इसका ऐलान कर देगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार की सुबह राजभवन पहुंचे। राजभवन में नीतीश कुमार राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से करीब 10 मिनट तक मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार विदाई प्रोटोकॉल के तहत राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे थे। सूत्रो के अनुसार राज्यपाल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी नई पारी के लिए बधाई दी। नीतीश कुमार अपनी नई पारी राज्य सभा सदस्य के रूप में करने जा रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नामांकन भी कर दिया है। हालांकि उनके इस मुलाकात को लेकर कई तरह की चर्चा भी शुरू हो गई है।