पटना

Bihar Politics: सीएम सम्राट चौधरी ने किया समिति का विस्तार, बाहुबली नेताओं के परिवारों को मिली अहम भूमिका

Bihar Politics: सम्राट चौधरी सरकार द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में आनंद मोहन के बेटे और अनंत सिंह की पत्नी को जगह दी गई है।
less than 1 minute read
May 23, 2026
Anand Mohan s son Anant Singh s wife in Committee
आनंद मोहन और अनंत सिंह

Bihar Politics मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति में नाराज चल रहे बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे सहित, बाहुबली विधायक अनंत सिंह की पत्नी को भी जगह दी है।इस समिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के अलावा 12 सदस्य बनाए गए हैं, जिनमें विधायक चेतन आनंद, संगीता कुमारी, भरत बिंद, मुरारी प्रसाद गौतम और सिद्धार्थ सौरव शामिल हैं। समिति के उपाध्यक्ष के रूप में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को नियुक्त किया गया है। दोनों को राज्य मंत्री का दर्जा भी दिया गया है।

आनंद मोहन ने जताई थी नाराजगी

इधर, सम्राट चौधरी सरकार में जेडीयू के पूर्व सांसद आनंद मोहन अपने बेटे चेतन आनंद को जगह नहीं मिलने से नाराज चल रहे थे। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि जेडीयू में अब “थैली” के आधार पर फैसले लिए जा रहे हैं।

सीतामढ़ी के एक कार्यक्रम में उन्होंने जेडीयू नेताओं पर तंज कसते हुए कहा था कि नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर कुछ लोग थैली की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जिस कठिन दौर में नीतीश कुमार ने पार्टी को खड़ा किया, आज उसी संगठन में उनका सम्मान कम किया जा रहा है और उनका चेहरा भी कहीं नजर नहीं आता।

अनंत सिंह की पत्नी समेत कई नेताओं को मिली जगह

मोकामा के बाहुबली जेडीयू विधायक अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को भी इस समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा ललन कुमार मंडल, प्रहलाद यादव, जगन्नाथ ठाकुर, राजेश कुमार वर्मा, भारती मेहता और चंदन कुमार सिंह को भी समिति का सदस्य बनाया गया है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के सभी सदस्यों को उप मंत्री का दर्जा दिया जाता है।

Updated on:
23 May 2026 08:11 pm
Published on:
23 May 2026 08:03 pm