बिहार के डिप्टी सीएम ने जवान को भरोसा दिलाया कि जो देश की सुरक्षा करता है, उसे न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने जवान का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि उनका सामना कर उन्हें हराना है।
पिता की मौत हो चुकी है और चाचा ब्रेन हैमरेज से पीड़ित हैं। सर, मैं उनसे लड़ नहीं सकता। अब तो मेरा भी मन आत्महत्या करने का कर रहा है… यह दर्द एक सेना के जवान ने बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के जन संवाद कार्यक्रम में अपनी फरियाद रखते हुए बयां किया। वह उनके सामने फूट-फूट कर रोने लगा।
जवान ने आगे कहा कि वह भू-माफियाओं से मुकाबला करने में असमर्थ है। उसने गुहार लगाते हुए कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला, तो वह अपनी बहनों की शादी कैसे कर पाएगा। भावुक जवान का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि तुरंत कार्रवाई करते हुए भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कदम उठाए जाएं।
यह घटना 2 अप्रैल की है। बिहार के छपरा शहर स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा जन संवाद कार्यक्रम के दौरान भूमि सुधार से जुड़ी लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। इसी क्रम में सेना के जवान सहदेव कुमार भी अपनी समस्या लेकर मंच पर पहुंचे। सहदेव छपरा जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं और सेना में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं।
मंत्री के सामने अपनी पीड़ा बताते-बताते वह इतने भावुक हो गए कि मंच पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इंसाफ नहीं मिला, तो वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हो जाएंगे। जवान ने बताया कि उनकी चार बहनें हैं और उनके विवाह की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर है। उन्होंने यह भी कहा कि वह कोर्ट जाने में सक्षम नहीं हैं, क्योंकि सेना की नौकरी के चलते उन्हें इतनी छुट्टी नहीं मिलती कि वे बार-बार अदालत के चक्कर लगा सकें।
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पहले जवान को समझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि अगर तुम हार मान लोगे, तो तुम्हारे परिवार की जिम्मेदारी कौन उठाएगा। उन्होंने समझाते हुए कहा कि आत्महत्या कोई समाधान नहीं है।
डिप्टी सीएम ने आगे भरोसा दिलाया कि जो देश की सुरक्षा करता है, उसे न्याय जरूर मिलेगा। उन्होंने जवान का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि उनका सामना कर उन्हें हराना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इस मामले में तत्काल कार्रवाई की जाए और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। डिप्टी सीएम ने प्रशासन को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज की जाए और कब्जाई गई जमीन को जल्द से जल्द मुक्त कराया जाए।