पटना

बांकीपुर की जंग में BJP का ‘महिला फॉर्मूला’, जातीय समीकरण साधने के लिए 6 नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए बीजेपी ने महिला शक्ति पर बड़ा दांव लगाया है। पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची में छह महिला नेताओं रेणु देवी, मैथिली ठाकुर, शीला प्रजापति, सीता साहू, रेशमी चंद्रवंशी और सुषमा साहू को शामिल किया है।
2 min read
Jul 15, 2026
Renu Devi, Maithili Thakur
बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विधायक मैथिली ठाकुर, और सीता साहू

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव जीतने के लिए बीजेपी ने इस बार महिला शक्ति पर भी बड़ा दांव लगाया है। पार्टी की ओर से जारी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में छह महिला नेताओं को शामिल किया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी जातीय समीकरणों के साथ-साथ महिला मतदाताओं को भी साधने की रणनीति पर काम कर रही है।

इसी रणनीति के तहत पार्टी ने महिला नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि उन्हें महिला मतदाताओं के साथ-साथ दलित और अति पिछड़ा बहुल इलाकों में जनसंपर्क की विशेष जिम्मेदारी दी गई है। बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी ने बिहार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विधायक मैथिली ठाकुर, एमएलसी शीला प्रजापति, पटना की मेयर सीता साहू, डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी और सुषमा साहू को स्टार प्रचारक के रूप में मैदान में उतारा है।

रेणु देवी को EBC, रेशमी को दलित वोटों की जिम्मेदारी

पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी पश्चिम चंपारण की बेतिया विधानसभा सीट से विधायक हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बीजेपी ने उन्हें बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के अति पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं के बीच प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि विधानसभा क्षेत्र में अति पिछड़ा वर्ग के प्रभाव को देखते हुए पार्टी ने उनके वोटों के ध्रुवीकरण की रणनीति के तहत रेणु देवी को मैदान में उतारा है।

पटना नगर निगम की डिप्टी मेयर रेशमी चंद्रवंशी को भी बीजेपी ने स्टार प्रचारक बनाया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्हें पिछड़ा और दलित वर्ग के मतदाताओं के बीच जनसंपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बीजेपी की एमएलसी शीला प्रजापति को महिला मतदाताओं, विशेषकर पटना ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े संगठनात्मक नेटवर्क के माध्यम से चुनाव प्रचार को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शीला प्रजापति वर्तमान में बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य भी हैं।

मैथिली को युवा, सीता को वैश्य वोटों की जिम्मेदारी

इसी रणनीति के तहत बीजेपी ने विधायक मैथिली ठाकुर को भी बांकीपुर उपचुनाव के प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी महिला और युवा मतदाताओं के साथ-साथ क्षेत्र के उन सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है, जहां मैथिली ठाकुर की अच्छी पकड़ मानी जाती है। दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर पार्टी का युवा चेहरा हैं।

वहीं, वैश्य समाज के मतदाताओं के बीच पहुंच मजबूत करने के लिए बीजेपी ने पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू को भी चुनाव प्रचार में उतारा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पार्टी वैश्य मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

इसके अलावा, सुषमा साहू को भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी से असंतोष के चलते निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ने का फैसला किया था। हालांकि बाद में पार्टी नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद उन्होंने अपना रुख बदल लिया था।

Updated on:
15 Jul 2026 02:04 pm
Published on:
15 Jul 2026 01:56 pm