पटना

बांकीपुर सीट पर आज सियासी शक्ति प्रदर्शन, नामांकन करेंगे प्रशांत किशोर और नीरज सिन्हा

Bankipur By Election:  बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी। शनिवार तक 11 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके थे। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा आज ही नामांकन करेंगे।
less than 1 minute read
Jul 13, 2026
प्रशांत किशोर -नीरज
प्रशांत किशोर -नीरज सिन्हा

Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन का आज आखिरी दिन है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। शनिवार तक कुल 11 प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर चुके थे। आज (सोमवार) बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

बाबा हरिहरनाथ के दरबार में टेका माथा

नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने पटना से सटे सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इससे पहले भी पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने पटना जंक्शन स्थित महावीर (हनुमान) मंदिर में दर्शन किए थे और उसी शाम बोरिंग रोड स्थित शिव मंदिर में रुद्राभिषेक कराया था। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर के नामांकन में बड़ी संख्या में जन सुराज के कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। उनके नामांकन को चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।

नामांकन में जुटेंगे बीजेपी के दिग्गज

वहीं, बीजेपी ने भी अपने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के नामांकन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और एनडीए के प्रमुख नेता इस दौरान मौजूद रहेंगे। नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी प्रदेश कार्यालय से रोड शो करते हुए नामांकन दाखिल करने पहुंचेंगे। इससे पहले बीजेपी ने अभिषेक कुमार 'बंटी' को उम्मीदवार बनाया था और उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था। हालांकि, नाम वापस लेने के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना प्रत्याशी घोषित किया। सूत्रों के अनुसार, उनके नामांकन को भव्य बनाने के लिए बीजेपी ने विशेष तैयारियां की हैं।

Updated on:
13 Jul 2026 10:18 am
Published on:
13 Jul 2026 10:08 am