पटना

बिहार चुनाव 2025: पोस्ट शेयर कर आरजेडी ने चुनाव आयोग पर कसा तंज, कहा- खाली कॉपी में ज्ञानेश ने दे दिए एक ही नंबर

बिहार चुनाव 2025: आरजेडी ने चुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूछा है कि राजगीर और कुढ़नी सीटों पर विजेता उम्मीदवारों को समान वोट ही कैसे मिले हैं? आरजेडी ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर किया है।
less than 1 minute read
Nov 23, 2025
Tejashwi Yadav
तेजस्वी यादव (Photo-IANS)

बिहार चुनाव 2025 में मिली करारी हार के बाद महागठबंधन ने चुनाव आयोग पर तंज कसा है। बिहार विधानसभा चुनाव के दो सीटों पर बीजेपी और जेडीयू के उम्मीदवार को समान वोट मिलने का उल्लेख करते हुए आरजेडी ने एक्स‑हैंडल पर लिखा है कि इन दोनों ने मास्टर ज्ञानेश कुमार गुप्ता को खाली कॉपी जमा की थी। मास्टर साहब ने बिना माथापच्ची और भेदभाव के दोनों को समान अंक दे दिए।

इन दो सीटों पर खड़े किए सवाल

आरजेडी ने राजगीर और कुढ़नी सीट के चुनाव परिणामों पर भी सवाल उठाए हैं। कुढ़नी सीट पर भाजपा के केदार प्रसाद गुप्ता को भी कौशल किशोर के बराबर 107,811 वोट मिले हैं। उन्होंने आरजेडी के सुनील कुमार सुमन को 9,718 वोटों से हराया है। इसी प्रकार, राजगीर सीट से जेडीयू प्रत्याशी कौशल किशोर को कुल 107,811 वोट मिले हैं। उन्होंने सीपीआई के विश्वनाथ चौधरी को 55,428 वोटों से पराजित किया है।

आरजेडी ने कहा जबरन हराया

आरजेडी ने इससे पहले नबीनगर, अगिआंव और संदेश सीटों का जिक्र करते हुए महागठबंधन के प्रत्याशियों को जबरन बेईमानी से हराने का आरोप लगाया था। आरजेडी ने चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा था कि तीनों सीटों पर रिजेक्ट किए गए पोस्टल वोटों की संख्या हारे हुए वोटों से अधिक थी।

किसे कितनी मिली सीटें?

2025 के विधानसभा चुनाव में राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 89 पर भाजपा, 85 पर जदयू ने जीत दर्ज की है और 25 सीटों के साथ राजद तीसरे स्थान पर है। चौथे स्थान पर चिराग पासवान की एलजेपी‑आर है, जिसे 19 सीटें मिली हैं। कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे खराब रहा है; उसे केवल 6 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। AIMIM‑HAMS को 5‑5, RSHTLKM को 4, CPI(ML)(L) को 2, IIP, CPI(M) और BSP को 1‑1 सीटें मिली हैं।

Updated on:
23 Nov 2025 10:55 am
Published on:
23 Nov 2025 10:55 am