पटना

बिहार: पत्नी के प्रेम संबंध में दिव्यांग पति की गई जान, पुलिस ने छह घंटे में सुलझाया हत्याकांड

बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के विवाद में एक दिव्यांग व्यक्ति की कथित हत्या के मामले का पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Jul 30, 2026
Gaya murder case Bihar
आरोपी गिरफ्तार। (Photo IANS)

गया। बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के विवाद में एक दिव्यांग व्यक्ति की कथित हत्या के मामले का पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार को इमामगंज थाना क्षेत्र के छोटकी कुंजेसर गांव में राजदेव भारती नामक व्यक्ति का शव उनके घर के समीप मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एएनएमएमसीएच, गया भेजा गया। साथ ही तकनीकी शाखा और एफएसएल टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए मौके पर बुलाया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार

मामले में इमामगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, इमामगंज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना संकलन के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित कुमार, राजा आलम उर्फ बुग्लू, मोहम्मद मुन्ना तथा मृतक की पत्नी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और राजा आलम के बीच कथित प्रेम संबंध को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण मिलकर राजदेव भारती की हत्या की गई।

गला दबाकर की हत्या

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दिव्यांजली ने गुरुवार को बताया कि प्रारंभिक अनुसंधान में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने बताया कि राजा आलम ने कथित रूप से गला दबाकर राजदेव भारती की हत्या की, जबकि अन्य आरोपियों ने भी घटना में सहयोग किया। मामले के खुलासे में तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं।

बाइक और तीन मोबाइल फोन बरामद

वहीं, गिरफ्तार आरोपी राजा आलम के खिलाफ झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना में कई मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
30 Jul 2026 07:09 pm
Published on:
30 Jul 2026 07:07 pm
Also Read
View All