मोतिहारी में शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से कई लीटर अवैध शराब भी बरामद की है।
शराबबंदी वाले बिहार में शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग बीमार पड़ गए हैं। यह घटना पूर्वी चंपारण जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मामला स्प्रिट (जहरीली शराब) पीने से जुड़ा है। घटनास्थल से पुलिस ने शराब से भरे कई जार बरामद किए हैं। इस घटना के बाद राज्य में शराबबंदी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
मृतक की पहचान तुरकौलिया थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर पंचायत निवासी चंदू के रूप में हुई है, जो पेशे से टेम्पू चालक था। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, शराब पीने के बाद बीमार पड़े लोगों की पहचान बालगंगा गांव निवासी लोहा सिंह और लड्डू साह उर्फ जितेंद्र शाह के रूप में हुई है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।