1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेगूसराय में दबंग ने SHO के चैंबर में घुसकर जान से मारने की दी धमकी, वर्दी उतरवाने तक की कही बात

बिहार के बेगूसराय में एक दबंग द्वारा थाना प्रभारी के चैंबर में घुसकर उन्हें जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Google source verification

बिहार के बेगूसराय जिले में एक दबंग द्वारा थाना प्रभारी (SHO) को उनके चैंबर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। यह घटना लोहिया नगर थाना की है। बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी अपने चैंबर में बैठकर जरूरी काम निपटा रहे थे, तभी एक व्यक्ति अचानक अंदर घुस आया और उन्हें धमकाने लगा। आरोपी ने उन्हें रास्ते से हटने की चेतावनी दी और ऐसा न करने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाने में घुसकर SHO को दी धमकी

लोहिया नगर थाना प्रभारी विकास कुमार के अनुसार, बाधा वार्ड नंबर-29 निवासी कुंदन कुमार सिंह अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (BR09AZ-1386) से थाना परिसर पहुंचा। परिसर में आते ही वह सीधे उनके चैंबर में घुस गया और धमकी देने के बाद वहां से चला गया। पुलिस के मुताबिक, कुंदन कुमार सिंह अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उसके नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश कर रही थी। इसी से नाराज़ होकर वह थाना में घुसा, थाना प्रभारी को धमकी दी और फिर फरार हो गया।

मोहनपुर जैसा अंजाम होगा

यह घटना 26 मार्च की रात करीब 9:40 बजे की बताई जा रही है। थानाध्यक्ष द्वारा दर्ज कराए गए बयान के अनुसार, आरोपी ने चैंबर में घुसते ही हंगामा शुरू कर दिया। वह चिल्लाते हुए कहने लगा कि पुलिस उसके जमीन और अवैध शराब के कारोबार में बाधा डाल रही है। आरोपी ने धमकी देते हुए कहा, “इसका अंजाम बुरा होगा, जैसा मोहनपुर में हत्या हुई थी, वैसी ही कई घटनाएं करेंगे।” इसके साथ ही उसने पुलिस अधिकारी की वर्दी उतरवाने और नौकरी छुड़वाने की भी धमकी दी।

डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों से अभद्रता

हंगामा बढ़ता देख ओडी पदाधिकारी सत्येंद्र नारायण शर्मा और गश्ती दल के अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने पाया कि आरोपी के मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी। जब गश्ती पदाधिकारी शाहीन फिरदौस और अन्य जवान उसे जांच के लिए सदर अस्पताल ले गए, तो वहां भी उसने जमकर हंगामा किया। आरोपी ने न तो ब्रीथ एनालाइजर से जांच कराई और न ही ब्लड सैंपल देने के लिए तैयार हुआ। कुंदन कुमार सिंह को पुलिस ने आपराधिक और दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया है। अस्पताल में डॉक्टरों और पुलिसकर्मियों के साथ उसके अभद्र व्यवहार का वीडियो भी सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।