पटना

बिहार में चलती ट्रेन की खिड़की से लटका दिया भारी-भरकम ट्रंक, वीडियो वायरल हुआ तो रेलवे ने भी दी प्रतिक्रिया

Bihar Train Viral video: बिहार में चलती ट्रेन की खिड़की से एक भारी-भरकम ट्रंक बाहर लटकाकर सफर करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है, जिसे गंभीरता से लेते हुए भारतीय रेलवे ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

2 min read
Jun 05, 2026
Bihar Train Viral video
ट्रेन से लटका दिया ट्रंक

Bihar Train Viral video: सोशल मीडिया पर इन दिनों भारतीय रेलवे से जुड़ा खतरनाक और हैरान करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक चलती ट्रेन की खिड़की से एक विशालकाय लोहे का बक्सा बाहर की तरफ हवा में लटका हुआ दिखाई दे रहा है। ट्रेन के भीतर बैठे दो यात्री इस भारी-भरकम बक्से को अंदर से पकड़े हुए हैं, जबकि उसका एक बड़ा हिस्सा खिड़की से बाहर निकला हुआ है। वीडियो के सामने आने के बाद यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे के नियमों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है, जिस पर अब खुद भारतीय रेल ने संज्ञान लिया है।

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

यह वीडियो बिहार के किसी रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति प्लेटफॉर्म से यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यह बिहार है। इस वीडियो को सोशल मीडिया एक्स पर @ChapraZila द्वारा शेयर किया गया है। वीडियो के साथ यूजर ने लिखा, 'इस तरह के बक्से को स्टेशन पर यह महिला लेकर चली कैसे गई? आगे जाकर यह किसी न किसी खंबे से टकरा जाएगा।' एक यूजर ने रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए सवाल उठाया, 'क्या यह घटना रेलवे के ध्यान देने योग्य है या नहीं? क्या इसे किसी संभावित रेल दुर्घटना को खुला निमंत्रण नहीं माना जाएगा?'

रेलवे की पार्सल सेवा पर उठे सवाल

यूजर्स ने इस लापरवाही को लेकर यात्रियों के साथ-साथ रेलवे स्टाफ को भी आड़े हाथों लिया। एक यूजर ने लिखा, 'यात्री ट्रेनों के साथ एक या दो पार्सल वैगन लगा होता है। अगर आपको अपनी यात्रा के साथ बक्से या बाइक जैसी भारी और बड़ी चीजें ले जानी हैं, तो टिकट के साथ पार्सल बुक करने की भी सुविधा है। लोग जानबूझकर ऐसे गैरकानूनी काम कैसे करते हैं?'

वहीं, एक यूजर ने इस मामले पर तंज कसते हुए लिखा, 'यह कारनामा पूरी दुनिया में शायद केवल उत्तर प्रदेश और बिहार ही कर सकते हैं। जहां लोग ट्रेन के भीतर नहीं, बल्कि बाहर बंधे विशाल बक्से के साथ भी आराम से यात्रा कर लेते हैं। रेलवे वाले टिकट यात्रियों का काटते हैं और सामान खुद अपनी सीट आरक्षित कर लेता है।'

मामले पर आया रेलवे का जवाब

वायरल वीडियो पर आधिकारिक रेलवे सेवा हैंडल ने भी प्रतिक्रिया दी। रेलवे ने वायरल वीडियो पर रिप्लाई करते हुए लिखा, 'हम आपसे अनुरोध करते हैं कि कृपया स्टेशन का नाम, ट्रेन नंबर और अपना मोबाइल नंबर हमारे साथ साझा करें। आप शीघ्र निवारां के लिए https://railmadad.indianrailways.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं या 139 पर डायल कर सकते हैं।'

एक और वीडियो आया सामने

इस बीच, सोशल मीडिया पर एक और वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में दो महिलाएं एक विशाल ट्रंक को ट्रेन के कोच में चढ़ाने की नाकाम कोशिश करती दिख रही हैं। कई प्रयासों के बाद भी जब वे बक्सा अंदर नहीं रख पाईं, तो ट्रेन स्टेशन से रवाना हो गई। हालांकि, यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि वायरल हो रहे ये दोनों वीडियो आपस में जुड़े हैं या अलग-अलग घटनाओं के हैं।

Updated on:
05 Jun 2026 01:53 pm
Published on:
05 Jun 2026 01:51 pm